आज भाजपा नेता जनता के बीच जाकर सिखाएंगे कैशलेस भुगतान के तरीके

भाजपानई दिल्ली। नोटबंदी के बाद से कैश की किल्लत झेल रहे देश को राहत पहुंचाने का जिम्मा अब भाजपा नेताओं ने ले लिया है। भाजपा के सभी सांसद, विधायक और पार्टी के नेता आज दिल्ली के लोगों को बिना नकदी के लेन-देन की विधियों के बारे में बताएंगे। यह कार्यक्रम सुबह से शाम तक चलेगा, जिसके जरिए लोगों को कैशलेस भुगतान के फायदे भी बताए जाएंगे। इसकी जानकारी दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज तिवारी ने शनिवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में दी। दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष बनने के बाद तिवारी की यह पहली प्रेस कांफ्रेंस थी।

मनोज तिवारी ने कहा कि विमुद्रीकरण का राजनीतिक विरोध केवल बदले की भावना से प्रेरित है जो उन राजनीतिक दलों के मन में देश की राजनीति में हाशिए पर चले जाने के डर से पैदा हुआ है जो मुख्य विपक्षी दल की मान्यता के लिए आपस में ही लड़ते रहते हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से देश में कालाधन खत्म हो जाएगा।

जो काला धन सामने आएगा, उसे विकास के कार्यों में लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विरोधी दलों को कालेधन के कारण भारत के गिरते आर्थिक स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं है क्योंकि वे विमुद्रीकरण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बढ़ते राजनीतिक कद से डरे हुए हैं।

LIVE TV