ब्रेक्जिट के बाद विपक्षी लेबर पार्टी में भूचाल, छह मंत्रियों का इस्‍तीफा

ब्रेक्जिटलंदन। ब्रेक्जिट के बाद विपक्षी लेबर पार्टी में भूचाल आ गया है। पार्टी प्रमुख जेरेमी कोरबिन द्वारा हिलेरी बेन को बर्खास्त करने पर अब तक छह शैडो मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। ब्रिटेन में सरकार के कामकाज पर नजर रखने के लिए मुख्य विपक्षी दल द्वारा शैडो मंत्री नियुक्त करते हैं।

नेतृत्व के खिलाफ सवाल उठाने पर विदेश मामलों के प्रमुख बेन को शनिवार देर रात बर्खास्त किया गया था। बेन ने कहा था कि उन्हें अब कोरबिन के नेतृत्व पर भरोसा नहीं रहा। रविवार को शैडो कैबिनेट से इस्तीफा देने वालों की झड़ी लग गई।

शैडो वित्त मंत्री सीमा मल्होत्रा, स्वास्थ्य मंत्री हैदी एलेक्जेंडर, युवा मामलों की प्रमुख ग्लोरिया डी पियरो, स्कॉटलैंड के शैडो मंत्री इयान मरे, परिवहन मंत्री लिलियन ग्रीनवुड और शिक्षा मंत्री लूसी पॉवेल ने इस्तीफा दिया है। कई और मंत्रियों के कतार में शामिल होने की बात कही जा रही है।

ब्रेक्जिट की मार से नहीं उबर पा रहा बाजार

यूरोपीय संघ से बाहर होने के पक्ष में बहुमत होने के बाद कोरबिन पर पद से इस्तीफा देने की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। उन पर पार्टी के पारंपरिक समर्थकों की चिंताओं को दूर करने में असफल रहने का आरोप लगाया गया है।

पार्टी के दो नेताओं ने तो उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी लाया है, जिस पर इसी सप्ताह विचार किया जाएगा। हालांकि, इस सबके बीच कोरबिन पद से हटने को तैयार नहीं हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बेन लंबे समय से कोरबिन को पार्टी प्रमुख के पद से हटाने के लिए समर्थन हासिल करने में जुटे थे। बेन के मुताबिक जेरेमी कोरबिन के पद पर बने रहने से लेबर पार्टी अगले चुनाव में जीतने का विश्वास खो सकती है।

ब्रेक्जिट के बाद प्रधानमंत्री डेविड कैमरन इस्तीफा देने की घोषणा कर चुके हैं। सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी अपना नया नेता चुनने वाली है। अगला आम चुनाव वर्ष 2020 में प्रस्तावित है, लेकिन नए प्रधानमंत्री जनता का विश्वास हासिल करने के लिए समय पूर्व चुनाव करा सकते हैं।

वहीं ब्रेक्जिट पर दोबारा जनमत संग्रह कराने की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। इसके समर्थन में जारी ऑनलाइन अभियान को 30 लाख से ज्यादा लोगों का समर्थन मिल चुका है। सिर्फ दो दिनों में ही ऑनलाइन अर्जी पर लाखों लोगों ने हस्ताक्षर कर दिए।

रविवार सुबह तक यह संख्या 30.48 लाख तक पहुंच गई। आने वाले दिनों में इससे और लोगों के जुड़ने की उम्मीद है। वहीं, सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद बेन हॉलेट ने हाउस ऑफ कामंस की विशेष समिति द्वारा इस पर विचार करने की पुष्टि की है।

LIVE TV