बीजेपी MLA ने कश्मीरियों के खिलाफ उगला जहर, अमरनाथ यात्रियों से कहा- सबक सिखा दो

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो कश्मीरियों के खिलाफ जहर उगलते नजर आ रहे हैं। बता दें कि कश्मीरियों के खिलाफ बोलने वाले बीजेपी नेता का नाम टी.राजा सिंह है और वह हैदराबाद के गोशामहल विधानसभा से भाजपा विधायक हैं। ये कोई पहली बार नहीं है जब टी राजा सिंह अपने बयान से विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं।

इससे पहले भी उन्होंने गाय पर विवादित बयान देते हुए कहा था कि अगर मुसलमान विदेशी नस्ल की गायें काटते हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है क्योंकि सिर्फ देसी नस्ल की गाय को ही माता माना गया है। इस बार इस बीजेपी एमएलए ने कश्मीरियों के खिलाफ जहर उगला है।

राजा सिंह ने कश्मीर के मुसलमानों को गद्दार कहते हुए कहा है कि इन लोगों को ऐसा सबक सिखाओ कि ये लोग घुटनों पर आ जाएं और पाकिस्तान का नाम लेना ही भूल जाएं। राजा सिंह ने ये वीडियो पिछले महीने अपने यूट्यूब चैनल श्रीराम सेना पर अपलोड किया था, बाद में इसे हटा लिया गया। अब ये वीडियो फिर शेयरिंग वेबसाइट्स, फेसबुक और अन्य सोशल प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में भाजपा विधायक ने अमरनाथ यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि वह जब अमरनाथ यात्रा पर जाएं तो कश्मीरी लोगों से एक रुपए की चीज भी ना खरीदें। वीडियो में कश्मीरियों को गद्दार कहा गया है जो कि देश के जवानों पर पत्थरबाजी करते हैं।

LIVE TV