बालाजी में बड़ा हादसा, कतार में लगे श्रद्धालुओं को लगा करंट

बालाजीराजस्थान। राजस्थान के दौसा जिले में स्थिति प्रसिद्ध मेहंदीपुर बालाजी मंदिर में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। भगवान बालाजी के दर्शन के लिए श्रद्धालु रेलिंग के घेरे में कतार लगाकर खड़े थे। तभी अचानक रेलिंग में करंट आ गया और कई श्रद्धालुओं को जोरदार झटके लगे। इससे हड़कंप मच गया।

करंट इतना तेज था कि श्रद्धालु रेलिंग के बीच में ही आड़े-तिरछे गिर गए। इनमें से कई श्रद्धालुओं में करंट का असर तेज था। इस कारण उन्हें घायल अवस्था में निजी चिकित्सकों के पास ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

आनन-फानन में स्थानीय बिजली कर्मी भी मौके पहुंचे और मामले के बारे में जानकारी जुटाई। घटना के बाद श्रद्धालुओं में करंट का भय बना हुआ था।

हालांकि, करंट आने की सूचना मिलते ही मंदिर के आसपास की बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई और बालाजी के दर्शनार्थियों की कतार चालू करवा दी गई। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि करंट कहां से आया था।

 

LIVE TV