मुलायम का केंद्र पर धावा, सीएम अखिलेश को नसीहत

बरेली में मुलायम सिंहबरेली। बरेली में मुलायम सिंह ने मोदी सरकार पर निशाना साधा और अपने बेटे सीएम अखिलेश को भी नसीहत दे डाली। समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो ने नोट बंदी के फैसले को गलत और जनता को गुमराह करने वाला बताया। कहा कि पीएम मोदी की कथनी और करनी में फर्क है। सदा देश की जनता से झूठ बोला और धोखे में रखा है। उन्होंने प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव की भी क्लास लगाते हुए कई सवाल दाग दिए। सीएम से पूछा कि नौजवानों की भर्तियां क्यों नहीं की जा रही हैं, जबकि काफी पद खाली पड़े हैं।

बरेली में मुलायम सिंह

बरेली के राजकीय कॉलेज मैदान में आयोजित सपा की मंडलीय रैली में सीएम अखिलेश यादव मौजूद नहीं थे। इसलिए मुलायम सिंह ने मंच पर मौजूद मंत्री गायत्री प्रजापति को सीएम से इन सवालों के जवाब लाने को कहा।

उन्होंने कहा यूपी में ढाई लाख पुलिसकर्मियों की कमी है। भर्ती नहीं होगी तो कानून व्‍यवस्‍था कैसे संभलेगी। हमारे समय में 18 महीने के अंदर तीन बार पुलिस में भर्तियां की गई थीं। बहुमत की सरकार है, भर्ती करने में कोई दिक्‍कत नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘प्रदेश सरकार ने सभी चुनावी वादे पूरे किए। लेकिन केंद्र सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए। 15 लाख रुपए खाते में देने की बात की गई थी, जो पूरी नहीं हुई।’

उन्होंने कहा कि हम अंग्रेजी के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन इसकी अनिवार्यता के खिलाफ है। किसी भी देश में पता लगा लो, जिसने अपनी भाषा में काम किया है, उसने तरक्की की है।

सपा मुखिया ने यूरोप का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अंग्रेजी नहीं बोली जाती है। अपनी भाषा में उन्होंने तरक्की की है। हमारी भाषा हिंदी और उर्दू है। हमने कहा था कि जो उर्दू में लिखेगा, उसे पेपर में पांच नंबर ज्यादा दिए जाएंगे। हम लोग जाति-धर्म के नाम पर बंटवारा नहीं चाहते हैँ।

उन्होंने कहा कि कालाधन बस सौ घरों में है। मोदी जी ने जितना ठगा है, उसका जवाब देश की जनता आने वाले चुनावों में देगी।

मुलायम सिंह यादव ने कहा कि नोटबंदी से बहुत नुकसान हुआ है। लोगों की लगातार मौत हो रही है। नोट बदलने का कोई मतलब नहीं था। सपा मुखिया ने कहा, ‘नोट बदलने के लिए छह महीने का समय दिया जाता। यहां तक की नए नोट भी पूरे नहीं छपे हैं।

उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि कालाधन किसके पास है? इसकी वजह से किसानों, मजदूरों को काफी दिक्कत हुई। सभी लोगों पर इसका प्रभाव पड़ा है। उन्होंने रोजगार पर बात करते हुए कहा कि आज पांच लाख जगह खाली है, लेकिन युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही है।

मुलायम ने कहा कि नोटबंदी से देश में किसान बीज व खाद के लिए परेशान हो रहे हैं। व्‍यापारी मुश्किल में हैं। पैसे लेकर नोट बदले जा रहे हैं। लोग नोट जला रहे हैं। सदमे में मर रहे हैं। केन्‍द्र को ऐसा कदम उठाने से पहले जनता को छह महीने का मौका देना चाहिए था।

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से सिर्फ झूठ बोला। सरकार जनता को सुविधा देने को होती है, परेशान करने के लिए नहीं। कालाधन किसके पास है, सभी जानते हैं। बगैर नाम लिए कहा कि एक तो आपका दोस्‍त है कालेधन वाला, उससे ही ले लो। केन्‍द्र जनता को 15 लाख न सही, हर महीना 15 हजार ही दे दे। कांग्रेस ने देश को पीछे पहुंचाया। यूपी में एक पहले सरकार थी, जिसने जनता से धोखे के सिवाय कुछ नहीं किया।

LIVE TV