बदलता मौसम दे सकता है गर्मी से राहत

बदलीनई दिल्ली| राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह आंशिक रूप से बदली छाई रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बदली और बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, “आज दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बदली छाई रहेगी। शाम में आंधी आने की संभावना है।”

आईएमडी के मुताबिक, दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। सुबह 8.30 बजे वायुमंडल में 38 फीसदी आद्र्रता रही।

वहीं, एक दिन पहले यानी गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.5 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

बिहार में हल्की बदली, बारिश के आसार

बिहार में राजधानी पटना सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार सुबह आसमान में हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार जताए हैं।

पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के उप निदेशक आर.के.के. गिरी ने बताया, “बुधवार रात से ही बिहार के कई क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिससे अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।”

राजधानी पटना में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।

इसके अलावा भागलपुर में न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री तथा गया में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, एक दिन पहले यानी गुरुवार को पटना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री, पूर्णिया में 36.2 डिग्री और गया में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

मध्य प्रदेश में आसमान साफ, तेज धूप

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार सुबह आसमान साफ और धूप तेज रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान आंधी चलने की संभावना जताई है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में लू का असर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों के दौरान तेज आंधी आ सकती है, वहीं कुछ जगहों पर फुहारें पड़ सकती हैं। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री, इंदौर में 24.8 डिग्री, ग्वालियर में 24.8 डिग्री और जबलपुर में 29 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक दिन पहले गुरुवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री, इंदौर में 42 डिग्री, ग्वालियर में 43.8 डिग्री और जबलपुर में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 

 

LIVE TV