फरवरी के अंतिम सप्ताह की गर्मी कहीं जानलेवा न बन जाए

फरवरी का महीना चल रहा है। अक्सर देखने में आता है कि होली के पर्व तक सर्दी अपना अहसास कराती है। लेकिन इस बार मौसम अलग ही करवट लेता दिख रहा है। गर्मी ने फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार को दिल्ली में फरवरी महीने का 14 सालों का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। सफदरजंग बेस स्टेशन स्टेशन पर सामान्य से सात डिग्री अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले साल सितंबर महीना 36.2 डिग्री सेल्सियस के साथ लगभग दो दशकों में सर्वाधिक गर्म रहा था।

आईएमडी के वैज्ञानिक और रीजनल वेदर फोरकास्टिंग सेंटर के हेड कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक, 14 साल में फरवरी में इतना अधिक गर्म दिन नहीं देखा गया। इससे पहले 2006 में 26 फरवरी को 34.1 डिग्री तापमान के साथ गर्मी का रिकॉर्ड बना था। उस दिन को छोड़ दें, तो 1993 से अब तक का यह फरवरी का तीसरा सबसे गर्म दिन है। 17 फरवरी 1993 को तापमान 33.9 डिग्री तक पहुंच गया था। चिंताजनक पहलू ये है कि पिछले पांच दिनों से लगातार अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। इस साल फरवरी में यह तीसरा दिन है, जब तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ है। जबकि 2006 में 11 दिन फरवरी का तापमान 30 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया था।

LIVE TV