प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर स्थित खरवई का चिनौरा ताल पिकनिक स्पाट के रूप में किया जाएगा विकसित

पडोसी जनपद प्रतापगढ़ में प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर स्थित खरवई का चिनौरा ताल पिकनिक स्पाट के रूप में विकसित किया जाएगा। सिंचाई विभाग ने इसके लिए 12.06 करोड़ की कार्ययोजना बनाकर मुख्य अभियंता लखनऊ के पास भेजा है। कमेटी से इसकी मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू होगा। इसके अंतर्गत यहां उद्यान, वाच टावर, आदि बनाए जाएंगे। रानीगंज तहसील क्षेत्र के मानधाता विकास खंड में प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर स्थित खरवई गांव का चिनौरा ताल लगभग 54 बीघे में फैला हुआ है।

12 करोड़ छह लाख रुपये से होंगे ये काम

सूबे के जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह एवं विधायक रानीगंज धीरज ओझा के निर्देश पर सिंचाई विभाग ने इसे पिकनिक स्पाट के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बनाई है। 12 करोड़ छह लाख में यहां कार्य कराए जाएंगे। इस ताल पर चारों तरफ घेरा बनाकर पौधरोपण कराया जाएगा। बैठने के लिए आकर्षक बेंच की व्यवस्था, वाच टावर आदि बनाया जाएगा। इसके साथ ही नाव की व्यवस्था रहेगी, जो पर्यटकों को लुभाएगा। यहां लोगों को प्राकृतिक नजारा भी देखने को मिलेगा।

गांव का बढ़ जाएगा महत्‍व

ग्राम प्रधान नीलम सिंह बताती हैं पिकनिक स्पाट बनने पर गांव का महत्व बढ़ जाएगा। इस बारे में अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड सुधीर कुमार पाल का कहना है कि मानधाता के खरवई गांव में प्रयागराज-अयोध्या हाईवे के किनारे स्थित चिनौरा ताल को पिकनिक स्पाट के रूप में विकसित करने को 12.06 करोड़ की कार्ययोजना बनाई गई है। इसे मुख्य अभियंता लखनऊ के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।

LIVE TV