प्रत्युषा बनर्जी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, बॉयफ्रेंड से पूछताछ

pratyusha-banerjee_650x400_61459575472एजेन्सी/   मुंबई: टीवी अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी के शव को मुंबई पुलिस द्वारा पोस्टमॉर्टम के लिए सिद्धार्थ अस्पताल भेज दिया गया है। सूत्रों की मानें तो प्रत्युषा के बॉय फ्रेंड राहुल राज ही उन्हें अंतिम समय में अस्पताल लेकर गए थे। टीवी सीरियल ‘बालिका वधु’ से लोकप्रिय हुईं प्रत्युषा बनर्जी की मौत को आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है। प्रत्युषा ने अपने घर के पंखे से कथित तौर पर लटककर जान दे दी। बाद में उन्हें कोकिलाबेन अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित किया गया। एक प्रोडक्शन हाउस के मालिक राहुल राज लगातार पुलिस से संपर्क में हैं और उन्होंने अपना बयान भी दर्ज करवा दिया है।

‘वह संवेदनशील थी…’
शुक्रवार को मुंबई पुलिस के प्रवक्ता धनंजय कुलकर्णी ने बताया था कि उन्हें प्रत्युषा की मौत की रिपोर्ट कोकीलाबेन अंबानी अस्पताल से मिली थी और अब इस मामले की जांच हो रही है। इस खबर की जानकारी मिलने के बाद ‘बालिका वधु’ में प्रत्युषा की ‘दादीसा’ का रोल निभाने वाली अभिनेत्री सुरेखा सीकरी ने कहा ‘मैं चकित हूं। मैं उसे जानती थी, वह बहुत प्यारी थी। वह काफी संवेदनशील इंसान थी, उसने जरूर कोई बात दिल पर लगा ली होगी और ज्यादा इमोशनल हो गई होगी।’ प्रत्युषा की मौत की वजह उनकी निजी जिंदगी में चल रही परेशानियों को बताया जा रहा है। बालाजी मोशन पिक्चर्स के पूर्व सीईओ तनुज गर्ग ने ट्विटर पर प्रत्युषा और राहुल राज की शादी के इरादे के बारे में जानकारी दी है।

प्रत्युषा के करीबी मित्र एजाज़ ख़ान ने आरोप  लगाया है कि उनकी दोस्त की हत्या हुई है। एनडीटीवी से बात करते हुए खान ने कहा ‘मेरी दोस्त नहीं रही। मैं जानता हूं जो हुआ वह गलत है। लेकिन यह आत्महत्या का मामला नहीं है। वह इतनी कमजोर नहीं थी। यह सोच समझकर की गई हत्या लग रही है।’

इससे पहले मकरंद मल्होत्रा नाम के एक व्यापारी से ब्रेकअप के बाद प्रत्युषा ने उनके खिलाफ अभद्र व्यवहार की शिकायत दर्ज की थी। इसी साल जनवरी में 24 साल की इस टीवी कलाकार ने पुलिस की वर्दी पहने कुछ लोगों के खिलाफ छेड़खानी का आरोप लगाया था। 2010 से 2013 के बीच प्रत्युषा बनर्जी ने बालिका वधु में आनंदी का रोल निभाया था। इसके अलावा वह बिग बॉस और झलक दिखला जा जैसे रिएलिटी शो में भी नज़र आई थीं। प्रत्युषा की मौत से टीवी और फिल्म जगत में शोक की लहर है। बिग बॉस में बनर्जी के साथ भाग लेने वाली टीवी कलाकार काम्या पंजाबी ने अंग्रेजी अखबार डीएनए से कहा है कि ‘वह बात करने की हालत में नहीं हैं।’ ट्विटर पर भी मनोरंजन जगत की कई हस्तियों ने अफसोस व्यक्त किया –

LIVE TV