पुडुचेरी की नई LG ने कहा-भगवान ने दी यह जिम्मेदारी

पुडुचेरीनई दिल्ली। दिल्ली में बीजेपी की ओर से सीएम उम्मीदवार रहीं किरण बेदी को पुडुचेरी का उपराज्यपाल बनाया गया है। रविवार को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किरण बेदी को इस पद पर नियुक्त किया।

पुडुचेरी की जिम्मेदारी

दिल्ली चुनाव में बीजेपी की करारी हार के बाद किरण बेदी राजनीतिक सक्रियता से दूर थीं और बीजेपी के किसी भी कार्यक्रम में कभी नजर नहीं आईं। इस चुनाव में बीजेपी को महज 3 सीटें ही मिली थीं और वह खुद भी पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर निर्वाचन क्षेत्र से हार गई थीं।

आज राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि किरण बेदी को तत्काल प्रभाव से पुडुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किया जाता है।

किरण बेदी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा “मैं सबसे पहले भगवान की शुक्रगुजार हूँ कि उन्होंने मुझे इस काम को करने क मौका दिया और फिर सरकार की।”

उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को निभाने लिए हर संभव योगदान देंगी। उनका कहना है, यह जन्म उन्हें ईश्वर ने इसीलिए दिया है कि वे देश की सेवा कर सकें।

साथ ही उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि दुनिया में हर एक व्यक्ति को किसी न किसी पद की जिम्मेदारी मिलती है, पर जरूरी यह है कि प्रत्येक व्यक्ति पूरी ईमानदारी से उस पद के कार्यों का पालन करे और अपने पद की गरिमा को बनाये रखे।

किरण बेदी 1972 में भारतीय पुलिस सेवा की पहली महिला अधिकारी बनी थीं। वह दिल्ली की तिहाड़ जेल में पुलिस महानिरीक्षक (कारागार) सहित कई प्रमुख पद संभाल चुकी हैं। एशिया की सबसे बड़ी जेलों में से एक में उनके काम के कारण उन्हें जन सेवा के लिए रेमन मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

बाद में उन्होंने अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू किए गए आंदोलन में हिस्सा लिया था। लेकिन फरवरी 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गई थीं और उन्हें पार्टी ने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था।

LIVE TV