बीएआई सिंधु और गोपीचंद को देगा पुरस्कार

पीवी सिंधुरियो डी जनेरियो| भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अध्यक्ष अखिलेश दास गुप्ता ने शुक्रवार को ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे ओलम्पिक खेलों में रजत पदक जीतने वाली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को 50 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

वहीं गुप्ता ने राष्ट्रीय बैडमिटन कोच पुलेला गोपीचंद को भी 10 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है।

सिंधु ने ओलम्पिक में शुक्रवार को ही महिला एकल वर्ग के फाइनल में रजत पदक पर कब्जा जमाया है।

फाइनल में उन्हें विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्पेन की कैरोलिना मारिन ने मात दी है।

मारिन ने 10वीं विश्व वरीयता प्राप्त सिंधु को 19-21, 21,12, 21-15 से हराया।

पीवी सिंधु का यह पहला ओलम्पिक था और उन्होंने अपने पहले ओलम्पिक में इतिहास रच दिया। वह फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं।

साथ ही बैडमिंटन में भारत को रजत पदक दिलाने वाली भी पहली खिलाड़ी हैं।

इससे पहले लंदन ओलम्पिक 2012 में पांचवीं वरीयता प्राप्त सायना नेहवाल ने देश को बैडमिंटन में पहला पदक दिलाया था। उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया था।

पीवी सिंधु की प्रशंसा करते हुए दास ने कहा कि मैं उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने और भारत को गौरवान्वित करने के लिए बधाई देता हूं।

भारतीय बैडमिंटन के लिए यह बड़ी सफलता है और इसने विश्व स्तर पर भारतीय बैडमिंटन की ताकत को दर्शाया है।

यह रजत पदक देश के लाखों बच्चों और उन्हें खेल खेलने के लिए प्ररेणा देगा।

बीएआई और भारतीय बैडमिंटन की तरफ से मैं उन्हें इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं।

उन्होंने कहा कि मैं कोच पी.गोपीचंद को भी बधाई देता हूं जिन्होंने भारत को इस ऊंचाई तक पहुंचाया है।

पद्म भूषण गोपीचंद ने अपने खेलने के दौरान भारत को कई सफलताएं दिलाई हैं और अब उनके खिलाड़ी नई दहलीज लांघ रहे हैं। भारतीय बैडमिंटन उन जैसे कोच को पाकर धन्य है।

LIVE TV