पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 78 हजार 761 मामले आए सामने, 948 लोगों की हुई मौत, जाने क्या है हाल….

भारत में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस (COVID-19) के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की तरफ से रविवार (30 अगस्त 2020) सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 78 हजार 761 मामले सामने आए हैं और 948 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 64 हजार 935 मरीज ठीक हुए। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार अब तक एक दिन में कोरोना के इतने मामले किसी देश में सामने नहीं आए हैं। बता दें कि लगातार चौथे दिन देश में 75 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं।

हालांकि, इस दौरान रिकॉर्ड टेस्टिंग भी हुई है। बीते 24 घंटे में 10 लाख 55 हजार 027 सैंपल टेस्ट हुए हैं। इस तरह से संक्रमितों का आंकड़ा 35 लाख को पार कर गया है और 63 हजार से ज्यादा लोगों की जान भी जा चुकी है। देश में अब तक कुल 35 लाख 42 हजार 734 मामले सामने आ गए हैं। सात लाख 65 हजार 302 एक्टिव केस है। 27 लाख 13 हजार 934 मरीज ठीक हो गए हैं और 63 हजार 498 लोगों की मौत हो गई है। रिकवरी रेट 76.61 फीसद और डेथ रेट 1.79 फीसद है। 

नमूनों की जांच के मामले में भारत लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में बेहद अहम हथियार माने जा रहे नमूनों की जांच के मामले में भारत लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रतिदिन 10 लाख नमूनों की जांच के लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ते हुए देश में कुल अब तक चार करोड़ 14 लाख 61 हजार 636 सैंपल टेस्ट हुए हैं। जांच, संपर्को की तलाश और उपचार पर जोर देने से मरीज तेजी के साथ स्वस्थ हो रहे हैं वहीं, गंभीर रोगियों की संख्या में भी भारी कमी आ रही है।

प्रति 10 लाख आबादी पर जांच की संख्या बढ़कर 29,280 हुई

भारत ने 10 लाख से ज्यादा सैंपल टेस्ट करने की उपलब्धि तब हासिल की है, जबकि कोरोना महामारी के सामने आने के वक्त देश में नमूनों की जांच की सुविधा सिर्फ पुणे स्थित एक प्रयोगशाला में ही थी। आज डेढ़ हजार से अधिक प्रयोगशालाओं में कोरोना की जांच की जा रही है। मंत्रालय ने बताया कि प्रति 10 लाख आबादी पर जांच की संख्या बढ़कर 29,280 हो गई है। संक्रमण की दर गिरकर 8.57 फीसद पर आ गई है। गंभीर रोगियों की संख्या में भारी कमी आई है। इस समय सिर्फ 0.29 फीसद मरीज ही वेंटिलेटर पर हैं। जबकि, 1.93 फीसद मरीज आइसीयू में हैं और 2.88 फीसद मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं।

महाराष्ट्र में टूटा अब तक रिकॉर्ड 

महाराष्ट्र में नए मामलों में अब तक रिकॉर्ड टूट गया है। राज्य में 16,867 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमितों की संख्या सात लाख 64 हजार से अधिक हो गई है। वहीं मरने वालों की संख्या 24 हजार के पार हो गई है। आंध्र प्रदेश में 10,548 नए केस मिले हैं और कुल मरीज 4,14,164 हो गए हैं। राज्य में शनिवार को लगातार चौथे दिन 10 हजार से अधिक नए मामले सामने आए। यहां 97 हजार से ज्यादा एक्टिव केस है और लगभग 3800 लोगों की मौत हो गई है। 

कर्नाटक में 8,324 नए मामले 

कर्नाटक में 8,324 नए केस मिले हैं और कुल मामले सवा तीन लाख से अधिक हो गए हैं। इसी तरह तमिलनाडु में 6,352 नए मामलों के साथ मरीजों का आंकड़ा 4.15 लाख को पार कर गया है। उत्तर प्रदेश में 5484 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या दो लाख 19 हजार को पार कर गई है। दिल्ली में 1,954 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमितों की संख्या एक लाख 71 हजार से अधिक हो गई है। राजधानी में अगस्त के महीने में एक दिन में सामने आए अब तक की यह सबसे बड़ी संख्या है।

LIVE TV