पाक ने किया रॉ का जासूस पकडऩे का दावा, भारत ने किया खारिज

kulbhushan-yadav-1458968043नई दिल्ली।भारत ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि पाकिस्तान में गिरफ्तार भारतीय नौसेना के पूर्व कर्मचारी का सरकार से कोई लेनादेना नहीं है और पाकिस्तान के अंदरूनी मामलों में दखलंदाजी में उसे कोई दिलचस्पी नहीं है। 

पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने बलूचिस्तान में एक भारतीय कुलभूषण यादव को गिरफ्तार किया है, जो भारतीय खुफिया एजेंसी रॉ का एजेंट है। पाकिस्तान के विदेश सचिव ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायुक्त को तलब कर यह मुद्दा उनके समक्ष उठाया था। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भारतीय उच्चायुक्त को तलब किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति का भारतीय नौसेना से समय पूर्व सेवानिवृति लेने के बाद से सरकार के साथ कोई संबंध नहीं है। 

पाकिस्तानी अधिकारियों से अनुरोध किया है कि हमारे मिशन के अधिकारियों को उससे मिलने दिया जाए। प्रवक्ता ने कहा कि भारत की किसी भी देश के आतंरिक मामलों में हस्तक्षेप में कोई दिलचस्पी नहीं है और उसका मानना है कि स्थिर और शांतिपूर्ण पाकिस्तान इस पूरे क्षेत्र के हित में है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने यादव को बलूचिस्तान से गिरफ्तार किया था।

LIVE TV