हाथो में मेहंदी सजा वो करती रही इंतजार, दूल्हा बन गया ‘मिस्टर इंडिया’

दूल्हा गायबकानपुर। शादी का दिन था। दुल्हन शादी के जोड़े में सजी बैठी थी। हाथों में मेहंदी का रंग देखते बन रहा था। तभी अचानक एक ऐसी खबर आयी कि शादी में शरीक हुए सभी लोगों के होश फाख्ता हो गए। दरअसल शादी से दो घंटे पहले दूल्हा गायब हो गया। फोन स्विच ऑफ जा रहा था। लोगों ने पहले तो थोड़ा इंतजार किया, लेकिन ज्यादा समय बीतने के बाद लोगों की उम्मीद टूटने लगी। एक-एक करके सभी घर वापस चले गए।

दूल्हा गायब, दुल्हन करती रही इंतजार  

कल्याणपुर के गौतम विहार निवासी बेकरी कारोबारी के बेटे की शादी इसी क्षेत्र के मिर्जापुर की युवती से तय हुई। शनिवार को बारात थी। वधू पक्ष के लोगों ने आवास विकास स्थित कम्युनिटी सेंटर में समारोह आयोजित किया था।

इधर, दोपहर में दूल्हा हेयर केटिंग सैलून जाने की बात कहकर एक दोस्त के साथ घर से निकला, इसके बाद लौटकर नहीं आया।

देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसका मोबाइल मिलाया, लेकिन स्विच ऑफ मिला। तब दूल्हे के गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने दोस्त का फोन मिलाया तो वह बोला, दूल्हे को पनकी रोड पर छोड़कर वह चला गया था। इसके बाद कुछ नहीं मालूम।

इसके बाद दोस्त का मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। इंस्पेक्टर का कहना है कि दूल्हा घर वालों को बताए बिना चला गया है। तलाश की जा रही है।

वहीं वधू हाथों में मेहंदी लगाए बैठी रही। वधू पक्ष के लोग देर रात तक दूल्हे के घर में डेरा जमाए रहे। पुलिस और परिवार के लोग दूल्हे की तलाश में इधर-उधर भटकते रहे।

LIVE TV