दुष्कर्म मामले में फरार राजद विधायक ने आत्मसर्मपण किया

एजेंसी/106009-rjd-mlaबिहारशरीफ : नालंदा जिला की एक लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोपी प्रदेश में सत्ताधारी पार्टी राजद के विधायक राजबल्लभ यादव ने करीब एक महीने फरार रहने के बाद जिला मुख्यालय बिहारशरीफ की एक अदालत में गुरुवार को आत्मसमर्पण कर दिया।

 

दसवीं कक्षा की एक 15 वर्षीय छात्रा के साथ गत 6 फरवरी को दुष्कर्म के मामले में आरोपी 50 वर्षीय राजबल्लभ के आज बिहारशरीफ स्थित एक अदालत में अतिरिक्त जिला न्यायधीश रश्मि शिखा के समक्ष आत्मसमर्पण किया। उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में स्थानीय मंडल कारागार भेज दिया गया।

विधायक मारूति कार से अदालत पहुंचे थे जिसका शीशा अखबार के पन्नों से ढंका गया था। मंत्री के करीबी लोगों ने बताया कि उक्त मारूति कार पर सवार होकर अदालत पहुंचने के पूर्व राजबल्लभ ने तीन वाहन बदले।

यादव से जब पत्रकारों ने उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने केवल इतना ही कहा कि उन्हें न्यायालय में विश्वास है।

बिहार की पिछली राबड़ी देवी सरकार में मंत्री रहे राजबल्लभ एक लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद करीब एक महीने से फरार थे। इसके चलते नीतीश कुमार नीत प्रदेश की महागठबंधन सरकार को काफी फजीहत झेलनी पडी तथा विपक्ष लगातार बिहार में कानून का शासन नहीं होने का आरोप लगा रहा था।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजबल्लभ मामले पर पूर्व में कई बार कहा था कि कानून अपना काम करेगा और इस मामले का स्पीडी ट्रायल कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस आरोप के मद्देनजर राजद ने राजबल्लभ को पार्टी से निलंबित कर दिया था।

LIVE TV