छह साल बाद बांग्लादेश में मिला दिल्ली से अगवा हुआ बच्चा

दिल्‍ली नई दिल्‍ली। छह साल पहले दिल्‍ली के सीमा पुरी इलाके से गायब बच्चा सोनू बांग्लादेश में मिल गया है। जब दिल्ली से उसका अपहरण किया गया था, तब उसकी उम्र केवल 6 साल थी। उसके मिल जाने की पुष्टि विदेश मंत्रालय ने भी कर दी है। गुरुवार (आज ) को सोनू को वापस दिल्ली लाया जाएगा।

दिल्‍ली के सीमापुरी में रहने वाले एक परिवार का एक 6 वर्षीय बच्‍चा 23 मई 2010 की रात अपने घर के बाहर से खेलते वक़्त अचानक गुम हो गया था। उस वक़्त सोनू नर्सरी कक्षा में पढ़ता था। सोनू के घरवालों ने उसे काफी तलाश किया लेकिन सोनू नहीं मिला।

परेशान होकर घरवालों ने पुलिस में सोनू की गुमशुदगी दर्ज़ कराई थी। लेकिन पुलिस भी उसका कोई सुराग नहीं लगा पाई। तीन साल तक जब सोनू नहीं मिला तो पुलिस ने भी उसकी फ़ाइल बंद कर दी। मां-बाप की उम्मीदें भी फाइल बंद हो जाने के साथ ही टूट गई।

अब 6 साल बाद अचानक सोनू बांग्लादेश में पाया गया है। वह बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक शेल्टर होम में मिला है। उसका डीएनए टेस्ट भी कराया गया। जिससे उसके सोनू होने की पुष्टि हो गई है। भारतीय दूतावास ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है। गुरुवार को सोनू के दिल्‍ली अपने घर वापस लौट आने की उम्‍मीद है।

अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सोनू बांग्लादेश कैसे पहुंचा। और वह किन हालात में वहां रहा।

LIVE TV