दिल्‍ली फिर शर्मशार, छेड़छाड़ का विरोध किया तो पिलाया तेजाब

शर्मशारनई दिल्ली। राजधानी दिल्‍ली में इंसानियत को शर्मशार कर  देने वाली एक और वारदात सामने आयी है, जहां कालका जी में एक स्कूली छात्रा को बदमाशों द्धारा जबरन तेजाब पिलाने की वारदात को अंजाम दिया गया है।

पीड़ित छात्रा को बुरी तरह जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है,आरोप है कि कुछ मनचले लंबे समय से पीडि़त छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे और जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जबरन तेजाब पिला दिया।

10वीं में पढ़ने वाली इस लड़की का आरोप है कि कुछ लड़कों ने उसे जबरन तेजाब पिला दिया।छात्रा के मुताबिक आरोपी लंबे समय से उसके साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में लड़की ने लिखा है कि मुझे कुछ अज्ञात लड़कों ने तेजाब पिलाया है। ये लड़के लंबे समय से स्कूल जाते वक्त मुझसे छेड़खानी किया करते थे। इसकी वजह से मैं कई दिनों से स्कूल नहीं जा रही थी। लड़की को जख्मी हालत में सफदरजंग अस्पताल भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों के मुताबिक लड़की खतरे से बाहर है हालांकि उसके मुंह में जख्म हुआ है।जानकारी के मुताबिक वारदात के समय पीड़ित लड़की ऑटो से स्कूल गई थी और उस वक्त उसके साथ एक लड़का भी था इसलिए पुलिस इस पूरी घटना को शक के नजर से भी देख रही है। सूत्रों के मुताबिक लड़की ने खुद ही तेजाब पिया है क्योंकि उसके साथ जोर-जबरदस्ती के कोई निशान नहीं मिले हैं।

पुलिस ने घरवालों की शिकायत पर एसिड अटैक के स्पेशल सेक्शन के तहत केस दर्ज कर लिया है हालांकि किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पुलिस डॉक्टरी रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही ये तय हो पाएगा कि लड़की को तेजाब पिलाया गया या उसने खुद पिया था।

LIVE TV