वोटिंग वाले दिन बदला रहेगा दिल वालों की दिल्ली का मिजाज, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों तेज गर्मी लोगों को परेशान किए हुए है। तेज गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। हालांकि इस सप्ताह के अंत तक झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने 12 व 13 मई को हल्की बारिश व धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इस कारण से तापमान में गिरावट होगी और लोग सुहावने मौसम में वोटिंग कर सकेंगे।

दिल्ली का मिजाज

दिल्ली में लगातार तेज गर्मी पड़ रही है। बीते दो तीन पहले तक तो मौसम थोड़ा सुहावना था, लेकिन उसके बाद से लगातार तापमान बढ़ रहा है। राहत की बात यह है कि रात के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 41.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मई का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा।

दिनभर चली तेज गर्म व धूल भरी हवाओं ने लू की स्थिति बनाए रखी। पालम केंद्र पर अधिकतम तापमान 43 डिग्री, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में 43.1 डिग्री और आया नगर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में गर्मी बढ़ेगी। तापमान फिर से 42 डिग्री के पार पहुंच जाएगा।

अगर चाहते हैं बैंक में काम करना, तो SBI में निकली हैं बंपर भर्तियाँ, ऐसे करें आवेदन

10 मई से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। इस दिन आंशिक रूप से बादल छाएंगे और 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस कारण तापमान 40 डिग्री पहुंच जाएगा। 11 मई तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। उसके बाद 12 व 13 मई को बादल छाने, हल्की बारिश व 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है।

इस कारण से तापमान लुढ़क कर 39 डिग्री पहुंच जाएगा। इस तरह से मौसम काफी खुशगवार रहेगा। विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहने का अनुमान है।

LIVE TV