तंजानिया में मोदी ने बजाया दोस्ती का नगाड़ा, हुए पांच समझौते

तंजानिया में मोदी दार एस सलाम। चार अफ्रीकी देशों के दौरे के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तंजानिया पहुंचे। यह मोदी का तीसरा पड़ाव है। तंजानिया में मोदी ने राष्ट्रपति जॉन पोम्बे जोसेफ मागुफुली से मुलाकात की और एक संयुक्त सभा को संबोधित किया। दोनों देशों के बीच 5 अहम समझौतों पर भी हस्ताक्षर हुए। मोदी के इस दौरे का मकसद अफ्रीकी देशों के साथ संबंधों और आर्थिक रिश्तों को विस्तार देना है।

इस मौके पर पीएम मोदी ने शानदार स्वागत के लिए तंजानिया का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मागुफुली राष्ट्र निर्माण के लिए काम कर रहे हैं। तंजानिया भारत का सबसे अहम साझेदार है। हम आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के खिलाफ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। तंजानिया के साथ हमारी फूड सिक्यॉरिटी और कृषि में भागीदारी बढ़ेगी।

भारत ने जंजीबार में वाटर सप्लाई सिस्टम के लिए 92 मिलियन डॉलर (करीब 617 करोड़ रुपए) का निवेश किया है। इसके अलावा 5 अन्य सेक्टर्स में भी एग्रीमेंट किए हैं।

पीएम मोदी ने यहाँ सोलर ममाज के नाम से प्रसिद्द ग्रामीण इलाके की महिला सोलर इंजीनियर्स से भी मुलाकात की है। इन महिलाओं को भारत सरकार के प्रोग्राम के तहत ट्रेनिंग दी जा रही है।

इससे पहले मोदी के तंजानिया की राजधानी दार एस सलाम पहुँचने पर प्रेसिडेंट जॉन पोंबे जोसेफ मगुफुली ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। मोदी ने यहां तंजानिया का ट्रेडिशनल ढोल भी बजाया। पीएम मोदी आज ही तंजानिया से केन्या के लिए रवाना हों जायेंगे।

LIVE TV