गरीब को एक किलो करेले के बदले डीएम ने दिए 1550 रुपए

डीएम किंजल सिंहफैजाबाद। विवादों में रहने वाली डीएम किंजल सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। लेकिन इस बार उन्होंने एक मां के दिल राहत का मरहम लगाया है। फैजाबाद की डीएम एक गरीब बुजुर्ग मां और उसकी बेटी के लिए अच्छे दिन लेकर आई हैं।

डीएम किंजल सिंह चर्चा में

डीएम किंजल सिंह इस बार एक किलो करेला 1550 रुपए में खरीदने को लेकर चर्चा में है। किंजल ने गरीब बुजुर्ग की मदद के लिए यह काम किया है।

दरअसल बीते दिनों किंजल सिंह अधिकारियों के साथ सब्जी मंडी का दौरा करके लौट रही थीं, तभी उनकी नजर मस्जिद के पास करेला बेच रही बुजुर्ग महिला मूना पर पड़ी। डीएम ने उनकी मदद के लिए कुछ पैसे दिए, लेकिन स्वाभिमानी मूना ने इनकार कर दिया।

इसके बाद डीएम किंजल सिंह ने एक किलो करेला खरीदने के बदले महिला को 1550 रुपए दिये तो बुजुर्ग काफी खुश हो गई। किंजल शाम को बुजुर्ग महिला के घर भी पहुंचीं। उन्हें अन्य आर्थिक मदद मुहैया करायी।

डीएम के निर्देश पर अधिकारियों ने बुजुर्ग महिला के घर पर पांच किलो अरहर की दाल, 40 किलो चावल, 50 किलो गेंहूं, 20 किलो आटा पहुंचाया। यह सब पाकर बुजुर्ग महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

डीएम किंजल सिंह ने साथ ही निर्देश दिये कि महिला को उज्ज्वला योजना के तहत गैस चूल्हा और सिलेंडर मुहैया कराया जाए, इसके अलावा एक टेबल फैन, लकड़ी का तख्त, दो साड़ी और चप्पल भी देने का निर्देश दिया है।

75 वर्ष की मूना की नातिन को भी काफी तकलीफ है, जिसे देखते हुए किंजल सिंह ने महिला के घर पर हैंडपंप लगाने का भी निर्देश दिया है। उनके इस कदम से गरीब मां-बेटी के अगले कुछ दिन तो बेहतर हो गए लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि अगर सरकारी मशीनरी इस परिवार की दिक्कत महसूस करती तो डीएम को आगे आने की जरूरत नहीं न पड़ती।

LIVE TV