गोल्फ : टेस्ट श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका को भारत पर एक अंक की बढ़त

गोल्फकोलकाता। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच यहां खेली जा रही गोल्फ टेस्ट श्रृंखला के पहले दिन शुक्रवार को मेहमानों ने एक अंक की बढ़त ले ली है। रॉयल कोलकाता क्लब में खेली जा रही इस श्रृंखला में मेहमानों ने दो फोरसम्स जीते और भारत ने एक अपने नाम किया। दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका के 2.5 अंक हैं और भारत के 1.5 अंक हैं।

दोनों देशों के बीच खेली जा रही पहली श्रृंखला वरिष्ठ खिलाड़ी मेरेटे हेंड्रिक्स के नाम समर्पित रही जिनका देहांत दक्षिण अफ्रीका के भारत आने से पहले हो गया था। मुकाबले की शुरुआत से पहले उनके लिए कुछ देर के लिए मौन भी धारण किया गया।

भारत के लिए इस मैच में सबसे अच्छा पल सिमरनजीत सिंह और कैलाश धीवर की टीम का मेहमानों की जोसेफ फोरी और गेरलोउ रोक्स की टीम के मुकाबले का रहा। भारतीय टीम दवाब में नहीं आई और उसने अंतिम होल अपने नाम किया।

एचएस कांग और आदित्य खेतान ने दक्षिण अफ्रीका के शॉन स्टेपलटोन और स्टेफन ब्लोमारेट की जोड़ी के साथ एक-एक अंक साझा किया।

जोक वेलिंगटन और फ्रांकोइस ले रोक्स ने अमित लूथरा और विजय कुमार भडाना को 4-3 से मात दी। वहीं मोर्गन फिलिपिंस और स्टीवन विलियम्स ने अनिल जुले और संजय कोलहाटकर को 6-5 से मात देते हुए अपनी टीम को पूरे दो अंक दिलाए।

LIVE TV