मंत्री गोपाल राय की रीढ़ में 17 साल से फंसी थी लखनऊ की गोली

नयी दिल्ली। दिल्ली की अरविन्द केजरीवाल सरकार में परिवहन मंत्री गोपाल राय के शरीर में 17 साल से धंसी गोली आख़िरकार निकाल दी गई। दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उनका ऑपरेशन किया गया।

गोपाल राय

गोपाल राय का दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल के स्पेशलिस्ट सीनियर डॉ आरजी कृष्णन ने ऑपरेशन के जरिये उनके रीढ़ की हड्डी में घुसी गोली को बाहर कर दिया। अब उनकी हालत बेहतर बतायी जा रही है।

गोपाल राय को विवाद के चलते मारी गयी थी गोली

गौरतलब है कि लखनऊ यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुटों में हुए विवाद को लेकर 17 साल पहले वर्ष 1999 में यह गोली गोपाल राय को मारी गई थी। गोली उनके रीढ़ की हड्डी में धंस गयी थी। उस समय इस गोली की वजह से उनका निचला हिस्सा बेकार हो गया था।

तब डॉक्टरों ने कहा था कि गोली निकालने से उनकी जान को खतरा हो सकता है। तभी से गोपाल राय के शरीर में यह गोली फंसी थी। एक बार फिर तकलीफ होने पर उन्होंने डॉक्टरों से संपर्क किया।

इस बार डॉक्टरों ने उन्हें ऑपरेशन की सलाह दी। जिसके बाद अपोलो हॉस्पिटल में शुक्रवार को उनका ऑपरेशन हुआ। लेफ्टिनेंट गवर्नर नजीब जंग समेत दिल्ली सरकार के कई मंत्री उनसे मिलने भी पहुंचे।

LIVE TV