कोविड-19 का प्रकोप पूरी दुनिया में है लेकिन कुछ अलग है दक्षिण एशिया के लोगों की प्रवृति, पढ़े पूरी खबर

दक्षिण एशिया खासकर भारत के लोगों को किसी भी आपदा के बाद जल्द अभ्यस्त होने की प्रवृत्ति पाई जाती है। उनमें यह प्रवृत्ति अन्य महाद्वीप के लोगों से अधिक है। गुजरात का भूकंप हो या सुनामी। इन दोनों आपदाओं के बाद जीवन पटरी पर आने में अधिक समय नहीं लगा। ऐसा ही कुछ कोरोना के आपदा काल में भी हो रहा है। शुरुआत में हर किसी के मन में खौफ था। हर कोई सुरक्षा उपायों को लेकर सचेत था। लेकिन धीरे-धीरे सहजता आने लगी और हम लोग इस सहजता के अभ्यस्त हो गए।

अधिक खौफ और ज्यादा सहज, ये दोनों की स्थितियां कोरोना के काल में ठीक नहीं हैं। हमें इसके बीच में रहना है। थोड़ा डर और थोड़ा सहज। ताकि जीवनयापन के लिए गतिविधियां भी चलती रहें और कोरोना को हम आमंत्रित भी न करें। अब तक हुए कुछ शोध में यह निष्कर्ष निकला है कि आपदा के दौरान दूसरे देशों के मुकाबले हमारे देश में मनोरोग की बड़ी समस्या सामने नहीं आती है। इसकी वजह है कि आपदा के बाद परिवार और समाज का सहयोग बढ़ता है।

व्यक्ति विशेष को संबल मिलता है। वह सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने लगता है। खैर, कोरोना काल को लेकर बात करें तो इसमें खौफ में रहना व्यक्ति विशेष के स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है। वहीं ज्यादा बेफिक्र हो जाना परिवार और समाज के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है। इसके बीच समन्वय बनाने की कोशिश करनी चाहिए। जिन लोगों में अधिक खौफ है उनकी काउंसिलिंग होनी चाहिए। जो बेफिक्र हो रहे हैं उन पर सामाजिक और कानूनी विकल्प अपनाने चाहिए। दरअसल मानव मस्तिष्क में कई तरह के रसायन होते हैं जो खौफ या बेफिक्र कर सकते हैं। 

जिन लोगों के दिमाग में सिरोटोनिन नामक रसायन का ज्यादा स्नाव होता है वे जल्दी डर जाते हैं। ऐसे लोगों में अवसाद की प्रवृत्ति होती है। इन्हें मनोचिकित्सक की जरूरत पड़ती है। वहीं जिनके मस्तिष्क और शरीर में डोपामिन नामक हार्माेन होते हैं वे जल्दी बेफिक्र हो जाते हैं। इस हार्मोन के साथ व्यक्ति विशेष की प्रवृत्ति भी उसे नियंत्रित और अनियंत्रित करने में सहायक होती है। इन्हें नियंत्रित करने की जरूरत है। एक बात स्पष्ट है कि कोरोना कुछ हद तक हम लोगों को अनुशासित कर देगा। पिछले कुछ साल में नियमों के तोड़ने की प्रवृत्ति घटी है। हम मान रहे हैं कि कोरोना के बाद लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक होंगे।

LIVE TV