कैलाश सत्यार्थी के नोबेल पुरस्कार की प्रतिकृति बरामद

कैलाश सत्यार्थीनई दिल्ली| दिल्ली पुलिस ने बाल अधिकार कार्यकर्ता कैलाश सत्यार्थी को नोबेल पुरस्कार के रूप में मिले मेडल की चोरी हुई प्रतिकिृति बरामद कर ली है। इसे चोरों ने सात फरवरी की रात उनके घर से चुरा लिया था। चोरों ने सत्यार्थी के दक्षिण दिल्ली में अलकनंदा इलाके में स्थित उनके आवास से नोबेल पुरस्कार की प्रतिकृति के साथ-साथ प्रशस्ति प्रमाण-पत्र व अन्य कीमती सामान भी चुरा लिया था।

दिल्ली पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) रोमिल बानिया ने बताया, “नोबेल शांति पुरस्कार की प्रतिकृति, कुछ आभूषण, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान शनिवार रात बरामद कर लिए गए। इस संबंध में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।”

सूत्रों के अनुसार, नोबेल प्रशस्ति प्रमाण-पत्र हालांकि अभी बरामद नहीं हो सका है।

पुलिस ने बताया कि तीन भाइयों-राजन, सुनील और विनोद को चोरी के आरोप में उनके विभिन्न ठिकानों से गिरफ्तार किया गया।

सत्यार्थी को साल 2014 में पाकिस्तान की बाल अधिकार कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई के साथ संयुक्त रूप से शांति का नोबेल पुरस्कार प्रदान किया गया था।

सत्यार्थी को मिले नोबेल पुरस्कार का मेडल राष्ट्रपति भवन में है, क्योंकि उन्होंने अपना पुरस्कार देश को समर्पित किया था।

LIVE TV