केरल रेपकांड : पीडि़त परिवार का दर्द बांटने जाएंगे पीएम

नई दिल्ली।  केरल रेपकांड का मामला अब और भी गरमाता जा रहा है। लॉ स्टूडेंट के रेप और उसकी हत्या के मामले में लोगों ने विरोध प्रदर्शन तेज कर‍ दिया है। निर्भया रेपकांड जैसे इस मामले में भी लोग न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आये हैं। ट्विटर पर केरल रेपकांड के लिए #justiceforjisha हैशटैग तेजी से बढ़ रहा है।

केरल रेपकांड पर फूट रहा गुस्सा

केरल रेपकांड

 

इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मई को पीडि़त परिवार से मिलने पेरूम्बवूर जाएंगे। आज केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत पेरूम्बवूर पहुंचेंगे और पीडि़त परिवार को ढ़ाढस बंधाएंगे।

केरल रेपकांड

28 अप्रैल को एर्नाकुलम के पेरूम्बवूर में 29 साल की दलित छात्रा से बलात्कार किया गया। नृशंसतापूर्वक उसकी हत्या कर दी गई। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली लॉ स्टूडेंट से उसके ही घर में बलात्कार किया गया। लड़की पर 20 बार चाकुओं से हमला किया गया। इस दौरान उसकी आंतें बाहर आ गई थीं। केरल रेपकांड में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

राजनीति भी गर्माई

इस अपराध के सिलसिले में अब तक कोई औपचारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस घटना ने राज्य को हिलाकर रख दिया है और 16 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इसे लेकर राजनीति तेज हो गई है।

एर्नाकुलम पुलिस ने बताया कि गला घोंटने और गला दबाने के संकेत हैं तथा उसके गले, छाती और कई अन्य अंगों पर 13 जख्म हैं। कुछ रिपोर्ट में उसके शरीर पर करीब 20 जख्म होने की बात कही गई है और यह भी कि उसकी आंतें बाहर आ गई थीं।

निर्भया कांड जैसी नृशंसता

इस वारदात को साल 2012 में दिल्ली में चलती बस में युवती से हुए सामूहिक बलात्कार जितना नृशंस माना जा रहा है। इसी वजह से घटना को ‘केरल का निर्भया कांड’ करार दिया गया है। दिल्ली की बलात्कार पीड़िता की बाद में मौत हो गई थी।

कुन्नूर से एक हिरासत में

इस मामले में पहले दो लोगों को हिरासत में लिया गया था। मंगलवार देर रात मामले में तीसरा संदिग्ध भी हिरासत में लिया गया। उत्तर केरल के कुन्नूर के पकड़े गए इस शख्स से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। उसे पेरूम्बवूर लाया जा रहा है।

केरल राज्य अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग ने इस घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया और पुलिस से 28 मई तक जांच की प्रगति रिपोर्ट सौंपने को कहा। केरल मानवाधिकार आयोग ने इस वारदात की जांच अपराध शाखा को सौंपने का आदेश दिया।

राज्य मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जे.बी. कोशी ने भी पुलिस महानिदेशक को इस संदर्भ में निर्देश जारी किया। केरल रेपकांड में सीएम ओमान चांडी ने भी सख्त रुख अपनाया है।

उन्होंने जांच एजेंसियों को तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सीएम ने कहा है कि यह एक अमानवीय घटना है। इस मामले के आरोपितों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LIVE TV