मानसून लेट लेकिन अच्‍छी बारिश की उम्‍मीद

केरल में मानसूननई दिल्‍ली। दो साल सूखेे के बाद इस बार अच्‍छी बारिश की उम्‍मीद है। मौसम विज्ञानियों ने पहले एक जून को मानसून के केरल पहुंचनेे की घोषणा की थी, लेकिन  पांच-छह दिन बाद केरल में मानसून के पहुंचने की उम्‍मीद है।  दक्षिण-पश्चिम मानसून के बादल पोर्टब्लेयर पार करते हुए बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गए हैं। हालांकि उत्‍तर भारत में मानसून के पहुंचनेे में अभी लगभग सात -आठ दिन लग जाएंगे।

मौसम विज्ञानियों का कहना  है कि लगभग 15 दिन बाद मानसून छत्तीसगढ़ में सक्रिय होने लगेगा। पूरे भारत में बारिश कराने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून तय तारीख 20 मई को अंडमान पहुंच तो गया लेकिन उसके बाद सात-आठ दिनों तक वह आगे नहीं बढ़ा। समुद्र में अब हलचल बढ़ने से बादल धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगे हैं। इस वजह से केरल में अगले कुछ दिनों में प्री-मानसून शॉवर शुरू होगा।

केरल में मानसून पहुंचेगा पांच दिन बाद

चार-पांच दिन में ही वहां मानसूनी बारिश शुरू हो जाएगी। मौजूदा शिड्यूल के हिसाब से मानसून अभी एक हफ्ता लेट है। केरल में 1 जून तक मानसून सक्रिय होना चाहिए, लेकिन ऐसा होने में अभी सात-आठ दिन लगेंगे। मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक बार मानसून समुद्र से निकलकर जमीन पर पहुंच जाए तो उसकी गति और सही-सही स्थिति का अंदाज लगाया जा सकता है।

रिकार्ड बता रहे हैं कि लगातार दो साल सूखे के बाद तीसरे साल छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश होती है। 2013-14 और 2014-15 में छत्तीसगढ़ समेत भारत में बहुत कम बारिश हुई थी। इससे सूखे के हालात थे। विशेषज्ञों का मानना है कि 1966 व 1967 में सूखे के बाद 1968 में अच्छी बारिश हुई थी। इसी तरह 1982, 1983 में सूखे के बाद 1984 में अच्छी बारिश हुई थी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार देश में इस साल 106 फीसदी बारिश होगी। पांच प्रतिशत मॉडल त्रुटि मानी जाए तो भी कम से कम 101 फीसदी बारिश तो होगी। राज्य में मानसून के आने की औसत तारीख 10 जून है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में मानसून 10 से 15 जून के बीच और कभी-कभी उसके बाद भी आता रहा है।

ज्योतिषों के अनुसार भी इस साल बारिश के लिए अनुकूल परिस्थिति रहेगी। शुक्र का प्रभाव रहेगा। शुक्र के प्रभाव से ही मानसून का असर अच्छा रहेगा। ज्योतिषियों के अनुसार इस साल गर्मी भी अच्छी रहेगी। अप्रैल और मई में गर्मी ज्यादा महसूस होगी। मानसून देर से आने के कारण जून में भी गर्मी महसूस होगी।

LIVE TV