किस एंड रन में पकड़ा गया ‘क्रेजी सुमित’

क्रेजी सुमितनई दिल्ली। राजधानी के कनॉट प्‍लेस में सरेराह लड़कियों को ‘किस’ करके भागने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाला ‘क्रेजी सुमित’ कानून के शिकंजे में फंस गया है। खबर के मुताबि‍क उसे दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस पूछताछ में उसने हैरान कर देने वाले खुलासे किए हैं, जिनमें सबसे बड़ा खुलासा यह है कि वह अपने ही ग्रुप की लड़कियों के साथ मिलकर प्रैंक करता था, यानी वीडियो में खुद को पीडि़ता बता रही लड़की असल में उसकी जानकार है। इनका मकसद वीडियो बनाकर ज्यादा से ज्यादा हिट लेना था।

मालूम हो कि अभी हाल ही में यूट्यूब पर ‘द क्रेजी सुमित’ नाम से लड़कियों को सरेआम किस करते वीडियो सामने आने से राजधानी दिल्‍ली के लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठने लगे थे। इस बाबत सुमित के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआर्इआर दर्ज की थी। उसके खिलाफ शील भंग और आईटी ऐक्ट के तहत अश्लील सामग्री अपलोड करने के आरोप में केस दर्ज हुआ था।

सोशल मीडिया ने करवाया अन्दर

पुलिस ने सुमित का पता लगाने के लिए फेसबुक और यूट्यूब से उसके प्रोफाइल की जानकारी हासिल की, जिसके मिलने के बाद पुलिस को सुमित तक पहुंचने में देर नहीं लगी। सुमित के जिस विडियो पर सबसे ज्यादा सवाल उठे, उसे कनॉट प्लेस में शूट किया गया था। इसी वीडियो के बिनाह पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।

लड़कियां सुमित के ग्रुप की थी!

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम ने ‘सुमित एंड कंपनी’ का पर्दाफाश कर दिया है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि वीडियो में क्रेजी सुमित जिन लड़कियों को सरेराह किस करता नजर आ रहा है, वह कोई राह चलती लड़कियां नहीं, बल्कि सुमित के ग्रुप से ही जुड़ी हैं।

LIVE TV