औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना की बहू राधिका महाना का 35 वर्ष की आयु में हुआ निधन, समर्थकों में शोक की लहर

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना की बहू राधिका महाना का 35 वर्ष की आयु में रविवार रात निधन हो गया, सुबह सिद्धनाथ घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। महाना परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है, वहीं जानकारी के बाद कोरोना संक्रमण के चलते लखनऊ आवास में आइसोलेट कैबिनेट मंत्री को अचानक हालत बिगड़ने पर पीजीआई में भर्ती कराया गया है।

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के बेटे करन महाना की पत्नी राधिका बीते करीब दो वर्षों से गले में कैंसर से पीड़ित थी और उनका इलाज चल रहा था। पिछले दिनों औद्योगिक विकास मंत्री के परिवार में कई लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने के वजह से स्वास्थ्य को देखते हुए वह अपने मायके सर्वोदय नगर में रह रही थीं। पिछले दिनों औद्योगिक विकास मंत्री और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित हो गए थे। इसपर वह लखनऊ जाकर आवास में असाइसोलेट हो गए थे।

इधर परिवार के अन्य लोगों को कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए तो बहू राधिका ने ससुराल आने की इच्छा जताई थी। इसपर वह मायके से वापस लालबंगला स्थित ससुराल आ गई थीं। रविवार रात अचानक उनकी हालत बिगड़ गई, जिसपर उन्हें नर्सिंग होम ले जाया गया। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। राधिका की मौत पर महाना परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।

मां की मौत की जानकारी पर आठ वर्षीय बेटा और 12 वर्षीय बेटी गुमसुम हो गए। सोमवार की सुबह सिद्धनाथ घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। यहां पर महापौर प्रमिला पांडेय, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया समेत पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

LIVE TV