एक बार फिर सोनू सूद ने मदद के लिए आगे बढ़ाया हाथ, इन 400 मजदूरों के परिवारों को देगे…

मजदूरों की मदद के लिए अभिनेता सोनू सूद ने एक और कदम आगे बढ़ाया है। लॉकडाउन के दौरान लंबे वक्त तक प्रवासी मजूदर भारी संख्या में शहरों से अपने गांव की ओर पलायन करते दिखे। यातायात के साधन बंद होने की वजह से मजदूर पैदल ही अपने घर की ओर चल पड़े थे। उस दौरान सोनू सूद ने लगातार मजदूरों और जरूरतमंदों को बस, ट्रेन और फ्लाइट से उनके घर पहुंचाने का काम किया, जिसकी सभी ने तारीफ की। अब सोनू  कुछ अलग तरीके से 400 मजदूरों की मदद करने जा रहे हैं।

दरअसल अपने गांव लौटते वक्त बहुत से मजदूर रास्ते में घायल हो गए। कई लोगों की मौत भी हुई थी। सोनू ने ऐसे मजदूरों के परिवारों की मदद का बीड़ा उठाया है। सोनू सूद और उनकी टीम 400 प्रवासी मजदूरों और कामगारों के परिवारों की मदद करेगी, जो रास्ते में या तो घायल हो गए या जिनकी मौत हो गई।

सोनू और उनकी दोस्त नीति गोयल इन परिवारों को आर्थिक मदद देंगे। साथ ही उनके बच्चों की पढ़ाई का खर्चा भी उठाएंगे। लॉकडाउन के बाद जो मजदूर अपने घर पहुंचे हैं उनके पास इनकम का कोई रास्ता अभी नहीं है। परिवार चलाने के लिए उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सोनू ने कहा, ‘मैंने फैसला किया है कि जो प्रवासी मजदूर अपने घर पहुंचने के दौरान घायल हो गए या मारे गए उनके परिवार को एक सुरक्षित भविष्य दिया जाए। मुझे लगता है कि उनकी मदद करना मेरी निजी जिम्मेदारी है।’

सोनू सूद ऐसे मजदूरों की लिस्ट निकलवाने में जुटे हुए हैं। वो उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के अधिकारियों से संपर्क में हैं। इससे उन परिवारों के बारे में पता चल सकेगा। इसके साथ ही बात दें कि ट्विटर पर सोनू सूद अभी भी लोगों की मदद करते हुए देखे जा रहे हैं। कुछ समय पहले उन्होंने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया था।

 

LIVE TV