‘बाप के माल’ पर कांग्रेस ने कहा- ऋषि पहले इतिहास जान लें

मुंबई। दिग्गज एक्टर ऋषि कपूर ने कांग्रेस पर ट्विट करके नई मुसीबत मोल ले ली है। अब कांगेस ने उन पर चौतरफा हमले शुरू कर दिए हैं।

ऋषि कपूर ने बुधवार को सवाल उठाया था कि देश के कई प्रतिष्ठानों और सरकारी परियोजनाओं का नाम नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर ही क्यों है। इस पर पलटवार करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा है कि कुछ लोग मौजूदा हुक्मरानों की नजदीकी हासिल करने के लिए गांधी परिवार को निशाने पर ले रहे हैं। ऐसे लोगों को न तो इतिहास की समझ है, न ही जानकारी।

ऋषि कपूर

ऋषि कपूर के टिप्पणी पर कांग्रेस ने किया पलटवार 

ऋषि कपूर ने मंगलवार को ट्वीट किया था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के नाम पर रखे गए संपत्तियों-परियोजनाओं के नाम में बदलाव करे। इनका नाम उन लोगों पर रखा जाए, जिन्होंने ‘समाज के विकास में योगदान दिया है।’

ऋषि ने आगे ट्वीट किया, “हर चीज गांधी के नाम? मैं सहमत नहीं हूं। गांधी परिवार के नामों पर रखे गए संपत्तियों के नाम बदले जाएं। बांद्रा/वरली सी लिंक का नाम लता मंगेशकर या जेआरडी टाटा लिंक रोड हो। बाप का माल समझ रखा था।”

एक्टर ने कहा, “इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा क्यों? आखिर महात्मा गांधी या भगत सिह क्यों नहीं, अम्बेडकर क्यों नहीं या मेरे नाम ऋषि कपूर पर क्यों नहीं? काल्पनिक ही सही।”

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. के. सिंह ने मंगलवार को मांग की थी कि नई दिल्ली के अकबर रोड का नाम बदलकर महाराणा प्रताप के नाम पर कर देना चाहिए। इसी रोड पर कांग्रेस पार्टी का मुख्यालय है। इसके बाद ही ऋषि ने ये ट्वीट किए।

63 वर्षीय एक्टर ने सवालिया लहजे में कहा कि अगर नई दिल्ली में सड़कों का नाम बदल सकता है, तो कांग्रेस संपत्तियों के नाम क्यों नहीं?

ऋषि ने मांग की, “फिल्म सिटी का नाम दिलीप कुमार, देव आनंद, अशोक कुमार या अमिताभ बच्चन के नाम पर होना चाहिए? राजीव गांधी उद्योग क्या होता है? सोचो दोस्तों!”

कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि अभिनेता के पास सार्वजनिक जीवन में निभाने के लिए कोई भी भूमिका नहीं है। पिछली बार मैंने उन्हें ‘बॉबी’ में बोलते सुना था। उन पर बयान दिया जाए, वह इस योग्य नहीं।

मुंबई में कांग्रेस के नेता संजय निरुपम ने कहा कि ऋषि को इतिहास जानने की जरूरत है, क्योंकि वह राष्ट्र के निर्माण में गांधी परिवार के योगदान को समझने में नाकाम हुए हैं।

निरुपम ने कहा कि उन्होंने ऋषि को उन हवाईअड्डों की सूची भेजी है जो महाराणा प्रताप, शिवाजी महाराज और लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर हैं।

निरुपम ने कहा, “कुछ लोग केवल सत्ता पाने के लिए अपना मुंह खोलते हैं, ऐसे लोगों की सोच काफी छोटी होती है।” कांग्रेस प्रवक्ता पी. सी. चाको ने अभिनेता का नाम लिए बगैर मीडिया से कहा, “यह केवल कुछ लोगों की सत्तासीन लोगों को खुश करने की कोशिश है।”

उन्होंने कहा, “वे सत्तासीन लोगों को खुश करना चाहते हैं। वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन कांग्रेस की कीमत पर नहीं। हम इन बातों को गंभीरता से नहीं लेते और यह बिल्कुल भी चर्चा के लायक विषय नहीं है।”

 

 

 

 

LIVE TV