उत्‍तराखंड में आफत की बारिश, गंगोत्री हाईवे बंद

उत्‍तराखंड देहरादून। मौसम विभाग ने प्रदेश में शुक्रवार से नौ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्‍तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। बारिश की वजह से गंगनानी (उत्‍तरकाशी) के पास भूस्‍खलन हुआ है, जिसके कारण गंगोत्री हाईवे बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में उत्‍तराखंड के कई इलाकों भारी बारिश होगी। बरसात की वजह से राजधानी के तापमान में भी दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।

उत्‍तराखंड में अगले कुछ घंटे हैं अहम

मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में भारी से भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मध्यम बारिश होगी।

वहीं, राजधानी में बृहस्पतिवार को दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश की वजह से तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को जहां अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री था, वहीं बृहस्पतिवार को गिरकर 31 डिग्री पर आ गया। शुक्रवार को राजधानी में भी भारी बारिश हो सकती है।

 

 

 

LIVE TV