केरल के तटीय इलाकों में पहुंचा मानसून, उत्तर-मध्य प्रदेश पर भी पड़ेगा असर

गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर केरल से आई है। शनिवार दोपहर को केरल के तटीय इलाकों में मानसून पहुंच गया है। इसके बाद मानसून देश के अन्य हिस्सों में पहुंचेगा। इससे पहले, विभाग ने पांच छह दिन देरी से पहुंचने का अनुमान जताते हुए 7 जून को केरल पहुंचने की बात कही थी।

उत्तर-मध्य प्रदेश

मौसम विभाग ने शनिवार को बताया था कि केरल में अगले 24 घंटे के अंदर मानसूनी बारिश होगी। इसके दो दिन बाद उत्तर पूर्व में मानसून दस्तक देगा। आईएमडी प्रमुख डी शिवानंद पई ने कहा कि दक्षिण से लेकर उत्तर भारत में मानसून पांच से सात दिनों की देरी से पहुंचेगा।

फिलहाल इसकी प्रगति के बारे में पूर्वानुमान जल्दबाजी होगी। हालांकि देशभर में जून में सामान्य से कम बारिश होगी। इस बीच, आईएमडी ने उत्तर और मध्य भारत में अगले सप्ताह तक हीटवेव जारी रहने का अनुमान लगाया है। शनिवार से लेकर मंगलवार तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के विदर्भ में गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी।

मध्य प्रदेश का होशंगाबाद सबसे गर्म 

मध्य प्रदेश का होशंगाबाद शुक्रवार को सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजस्थान के चुरू में पारा 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। बीते दिनों यहां तापमान 50 डिग्री को पार कर गया था। राजस्थान के बाड़मेर, कोटा और बीकानेर में भी तापमान 46 डिग्री के करीब रहा। पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी का सितम जारी रहा।

हरियाणा के हिसार में शुक्रवार को पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया। हिमाचल में भी तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री पर दर्ज किया गया।

LIVE TV