उत्तराखंड : बीजेपी सांसद धर्मेंद्र कश्यप समेत 3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुजारी और भक्तों से गाली-गलौज और अभद्रता

भगवान भोले के धाम जागेश्वर में शनिवार को मंदिर समिति के प्रबंधक भगवान भट्ट और पुजारियों से गाली गलौज और अभद्रता आंवला(बरेली) के भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप को भारी पड़ गई। भगवान भट्ट की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने धर्मेंद्र कश्यप, उनके साथ मोहन राजपूत और सुशील अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मजिस्ट्रेट के आदेश पर उल्लंघन करने पर धारा 188 और गालीगलौज, अभद्रता करने पर धारा 504 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। वहीं अल्मोड़ा एसडीएम ने इसकी पुष्टी भी की है। सांसद के अमर्यादित आचरण के विरोध में रविवार को कुमाऊं में कई जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन किया।

प्रबंधक भगवान भट्ट ने राजस्व उप निरीक्षक कोटुली के यहां दी गयी तहरीर में लिखा कि शनिवार 31 जुलाई को शाम 3.30 बजे धर्मेंद्र कश्यप अपने 2 साथी मोहन राजपूत, सुशील अग्रवाल औऱ यूपी पुलिस के 4 सुरक्षाकर्मियों के साथ मंदिर में पूजन के लिए आए। पूजा की व्यवस्था पं. गिरीश भट्ट ने करवाई थी। मंदिर प्रबंध समिति की एसओपी के अनुसार सुबह 6.30 बजे से शाम 6.00 बजे तक दर्शन और सुबह 7.00 बजे से शाम 4.30 बजे तक की पूजा के लिए समय नियत है। नियमानुसार शाम 6 बजे मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए बंद हो जाता है।

बार-बार जानकारी दिए जाने के बाद भी 6.30 बजे तक सांसद कश्मप और उनके साथी मंदिर में जमे रहे। जब सांसद और उनके साथी से बाहर जाने का अनुरोध किया गया तो बहस शुरु हो गई। इतना ही नहीं सांसद गाली देने लगे। इस दौरान पुजारियों और स्थानीय जनता के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल तक किया गया। कोटली के राजस्व उप निरीक्षक गोपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि जांच कर तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

LIVE TV