उज्जैन में सिंहस्थ का भव्य आगाज, पहला शाही स्नान कल

download (16)एजेंसी/ उज्जैन : मध्यप्रदेश के धार्मिक पर्यटन नगर उज्जैन में इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। रास्ते स्वयं की पवित्र नदियों के तटों तक लोगों को पहुंचा रहे हैं। हर राह केसरिया रंग की पताका से सजी हुई है। राह में कहीं तेज धूप से बचने के लिए छांव की गई है तो दूसरी ओर हर रास्ते में प्यास से हलकान श्रद्धालुओं का गला तर करने के लिए प्याऊ लगे हुए हैं। दरअसल इस धार्मिक नगरी में सिंहस्थ 2016 का आयोजन हो रहा है।

इस पर्व का पहला शाही स्नान शुक्रवार अर्थात् 22 अप्रैल को होगा। यह इस सिंहस्थ का पहला शाही स्नान भी होगा। इस स्नान के समय की शुरूआत को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें स्नान के समय को लेकर चर्चा की गई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरिजी महाराज और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बैठक हुई।

जिसमें यह तय किया गया कि सिंहस्था का अमृत स्नान प्रातः 6 बजे से प्रारंभ होगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद द्वारा मांग की गई थी कि स्नान का समय तड़के 4 बजे रखा जाए। इसी के साथ स्नान हेतु घाट पर जाने के लिए रूट तय करने को लेकर चर्चा की गई। इस रूट को लेकर अखाड़ों के संतों, एसपी आदित्यप्रताप सिंह, एएसपी मनोज केडि़या ने रूट का अवलोकन किया।

रूट को लेकर संतों और प्रशासन के बीच चर्चा भी हुई। बैठक के दौरान यह बात सामने आई कि सिंहस्थ का पहला शाही स्नान प्रातः 6 बजे से प्रारंभ होगा। जिसमें श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा प्रातः 6 बजे स्नान करेगा। स्नान के लिए साधु – संत दत्त अखाड़ा घाट से पेशवाई के तौर पर निकलेंगे।

उनके ही साथ श्री पंचायती अखाड़ा, श्री पंचायती अग्नि अखाड़ा, श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा, निकलेगा। श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े का स्नान का समय प्रातः 6.50 बजे है। पंच अटल अखाड़े का समय प्रातः 6.50 बजे है। तपोनिधि निरंजनी अखाड़ा प्रातः 7.50 बजे स्नान करेगा।

अन्य अखाड़ों के स्नान के समय में श्री पंचायती आनंद अखाड़ा 7.50 बजे, निर्मोही अणि अखाड़ा प्रातः 8 बजे स्नान करेगा। यह अखाड़ा रामघाट से ही स्नान के लिए पहुंचेगा। इसके अलावा प्रातः 8 बजे निर्वाणी अखाड़ा श्री राम घाट पर पहुंचेगा। दिगंबर अणि अखाड़ा प्रातः 8.40 बजे राम घाट से ही स्नान के लिए पहुंचेगा। श्री पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़ा, पंचायती नया उदासीन अखाड़ा, निर्मल अखाड़ा प्रातः 11.30 बजे से स्नान करने के लिए रामघाट पहुंचेंगे। अखाड़ों का स्नान दोपहर करीब 12.30 बजे तक चलेगा। अगले स्नान अर्थात् प्रातः 9 मई को व्यवस्थाओं में बदलाव हो सकता है।

LIVE TV