इस दिवाली बैंक कर्मचारियों के घर होंगे रोशन, वेतन में हुई वृद्धि

इस दिवाली बैंक कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है। जानकारी के मुताबिक भारतीय बैंक संघ (IBA) ने दिवाली के आते ही एक बड़ा एलान किया है। आईबीए ने बताया कि कर्मचारी यूनियनों और अधिकारी संघों के साथ 11वीं द्विपक्षीय वेतन वृद्धि वार्ता सहमति से सम्पन्न हो गई है। इस फैसले से देश में करीब 8.6 लाख बैंक कर्मियों को लाभ होगा। बताया जा रहा है कि सभी बैंक कर्मियों की सैलरी में 15 फीसद की बढ़ोत्तरी की जाएगी और इस बार नवंबर की सैलरी उन्हें बढ़त के साथ दी जाएगी।

यदि बात करें आईबीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील मेहता की तो उन्होंने बताया कि, ‘भारतीय बैंक संघ (कर्मचारी) यूनियनों और (अधिकारी) संघों के साथ 11वीं द्विपक्षीय वेतनवृद्धि वार्ता सहमति के साथ सम्पन्न होने घोषणा करता है। यह एक नवंबर 2017 से प्रभावी माना गया है। समझौते में वेतन में 15 फीसद के इजाफे का प्रावधान है।’

बता दें कि बैंक कर्मियों की आय में वृद्धि का समझौता 22 जुलाई को यूएफबीयू (UFBU) और आइबीए के द्वारा किया गया था। यह भी बताया जा रहा है कि इस फैसले का एलान करने में करीब 3 साल तक बातचीत व वार्ता हुई थी। सभी 30 से अधिक सरकारी, निजी व अतंराष्ट्रीय बैंकों ने अपने कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने के लिए आइबीए को अधिकृत किया था जिसके बाद नवंबर से ही इसे लागू किया जाएगा। यदि बात करें आंकड़ों की तो सभी कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि करने से बैंकों पर सालाना 7,898 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा।

LIVE TV