इस कानून उल्लंघन पर मुंबई पुलिस ने युवकों को दी ऐसी सजा कि याद आ जाएंगे स्कूल के दिन, देखें वायरल वीडियो

महाराष्ट्र में एक बार फिर से कोरोना महामारी ने रफ़्तार पकड़ी है। इसी के चलते मुंबई,पुणे जैसे शहरों में पिछले साल की तरह पुलिस की सड़क पर तैनाती और सख्ती बढ़ा दी गयी है। इसके बावजूद भी लोग लापरवाही करने से नहीं चूक रहे हैं। इसी बीच कुछ लोगों को मुंबई पुलिस ने मास्क ना पहनने की वजह से सजा दे डाली। यह सजा ऐसी है की आपको अपने स्कूल के दिन याद आ जाएंगे। सोशल मीडिया वायरल एक वीडियो के मुताबिक़ मुंबई पुलिस ने युवकों को मुर्गा बनाकर चलवाया क्योंकि उन्होंने मास्क नहीं लगाया हुआ था।

जबकि मंगलवार को मुंबई पुलिस ने दावा किया कि उन्होंने दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव में समुद्र में घुसने की कोशिश करने 5 लोगों को पकड़ा था और उनसे सजा के तौर पर “मुर्गा वॉक” कराया था। एक अधिकारी के मुताबिक़ घटना सोमवार दोपहर को समुद्र के किनारे हुई थी। युवकों के एक समूह ने समुद्र में घुसने की कोशिश की थी। आगे बताते हुए अधिकारी ने कहा कि समुद्र के किनारे ड्यूटी पर गश्त करने वाले पुलिस कर्मियों की एक टीम ने सजा के तौर पर उनसे मुर्गा वॉक करने को कहा था। इसके बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था।

अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए लोग दावा कर रहे हैं कि यह सजा मास्क न पहन ने की वजह से दी जा रही है। इसका जवाब देते हुए मुंबई पुलिस ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, “हर उल्लंघन पर कार्रवाई का कानूनी प्रावधान है और यह एकमात्र दंडात्मक कार्रवाई है।”

LIVE TV