आलोक रंजन की नई पारी, बनाए गए यूपीएसआईडीसी अध्यक्ष

आलोक रंजनलखनऊ। मुख्य सचिव आलोक रंजन रिटायरमेंट के बाद अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वह उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) के अध्यक्ष होंगे। वह मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार भी होंगे।

श्री रंजन को कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलेगा। वह प्रदेश सरकार की विकास परियोजनाओं की प्रगति पर निगरानी कर उसे समय से पूरा करवाने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री को विभिन्न मसलों पर सलाह देंगे। सरकार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।

आलोक रंजन 30 जून को रिटायर हो जाएंगे। श्री रंजन का कहना है कि वह अपनी दूसरी पारी में भी प्रदेश के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। प्रदेश में मुख्यमंत्री का मुख्य सलाहकार पद पहली बार सृजित किया गया है। जिसमें किसी पूर्व आईएएस को बिठाया जाएगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रह चुके करनैल सिंह को रिटायरमेंट के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपना प्रमुख सलाहकार बनाया था। मायावती ने भी अपने मुख्यमंत्रित्वकाल में डीजीपी रह चुके कर्मवीर सिंह को अपना प्रमुख सलाहकार बनाया था।

LIVE TV