मनोरमा देवी ने दाखिल की अग्रिम जमानत अर्जी, हथियार लाइसेंस रद

आदित्‍य हत्‍याकांड गया। बिहार के गया में 19 वर्षीय छात्र आदित्‍य हत्‍याकांड के मुख्य आरोपी रॉकी यादव की मां और विधान पार्षद (एमएलसी) मनोरमा देवी ने शुक्रवार को गया की एक अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है। इस मामले की सुनवाई 16 मई को होगी।

आदित्‍य हत्‍याकांड : रद हुए लाइसेंस

इस बीच जिला प्रशासन ने एमएलसी के तीन हथियारों के लाइसेंस को रद कर दिया है। एमएलसी मनोरमा देवी ने वकील मोहम्मद कैसर सर्फुद्दीन के माध्यम से गया जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अग्रिम जमानत अर्जी दी। लोक अभियोजक सुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि इस मामले की सुनवाई सोमवार को होगी।

रॉकी की गिरफ्तारी के लिए एमएलसी के घर हुई छापेमारी में विदेशी शराब बरामद हुई थी। रामपुर थाने में दर्ज इस मामले में अदालत ने एमएलसी की गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी किया है। बिहार में पांच अप्रैल से शराबबंदी है।

गया के जिलाधिकारी रवि कुमार ने बताया कि मनोरमा देवी के तीन तथा उनके पति बिंदी यादव के एक हथियार का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उन हथियारों को जमा करने का भी निर्देश दिया गया है।

इधर, पुलिस ने मनोरमा देवी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने शुक्रवार को बताया कि एमएलसी की गिरफ्तारी के लिए गया जिले के बाराचट्टी और मनोहरपुर के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई।

उन्होंने बताया कि आदित्‍य हत्‍याकांड के एमएलसी मनोरमा देवी के घर से शराब बरामदगी मामले में शुक्रवार की शाम ए़ पी़ कॉलोनी स्थित उनके घर पर इश्तेहार चिपकाया गया। इसके अलावा शहरी इलाके में दो तथा बोधगया, बाराचट्टी और मोहनपुर इलाके में मनोरमा दवी के नाम अचल संपत्ति पर भी इश्तेहार चिपकाया गया है।

न्यायालय से निर्गत इश्तेहार में उन्हें 15 दिनों के अंदर न्यायालय या पुलिस के समक्ष हाजिर होने को कहा गया है। इश्तेहार में साफ कहा गया है कि अगर 15 दिनों के अंदर हाजिर नहीं होती हैं तो पुलिस उनकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू करेगी। मगध प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) सौरभ कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक की तथा आदित्य हत्याकांड की जांच के लिए गठित (विशेष जांच दल) एसआईटी को कई दिशा-निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की लैंड रोवर कार को एक व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा ने ओवरटेक किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। इसी दौरान, रॉकी ने कथित तौर पर 19 वर्षीय आदित्य की गोली मार दी। गोली लगने से आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मंगलवार को रॉकी को बोधगया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इसके बाद अदालत के आदेश के बाद उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में रॉकी के पिता बिन्दी यादव और मनोरमा देवी के अंगरक्षक राजेश कुमार पहले से ही न्यायिक हिरासत में है।

LIVE TV