आज होगी नीतीश कुमार की ‘घर वापसी’, सुबह 10 बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

नीतीश कुमारपटना| नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के साथ ही बुधवार को बिहार की राजनीति में जैसे भूचाल आ गया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के साथ 20 महीने पुराने महागठबंधन से खुद को अलग करते हुए नीतीश ने राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। नीतीश के इस्तीफे की घोषणा के कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्हें बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा भी कर दी।

नीतीश कुमार ने 132 विधायकों की सूची के साथ सरकार बनाने की दावेदारी पेश की। राजभवन से बाहर आने के बाद सुशील मोदी ने मीडिया को जानकारी दी कि राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने गुरुवार को सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह का न्योता दिया है। इस खबर के मिलने के बाद तेजस्वी ने ट्वीट किया,’राज्यपाल ने हमें सुबह 11 बजे का समय दिया और अब अचानक उन्होंने NDA को सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित कर दिया। इतनी जल्दबाजी क्या थी श्रीमान ईमानदार और नैतिक? ‘

तेजस्वी की अगुवाई में आरजेडी-कांग्रेस ने भी सरकार बनाने की दावेदारी पेश करने का ऐलान कर दिया था। आधी रात को नीतीश कुमार गवर्नर से मिलने राजभवन पहुंचे। बता दें कि गवर्नर की तबीयत खराब थी और वह कुछ देर पहले ही राजभवन पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें: नीतीश का मास्टर स्ट्रोक, एक झटके में सभी ‘क्लीन बोल्ड’… तेजस्वी पर साध ली चुप्पी और दे डाला इस्तीफ़ा  

इसके बाद तेजस्वी यादव ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और उसी समय राजभवन पहुंचने की बात की। उन्होने कहा कि सबसे बड़ी पार्टी होने के बाद भी अगर उन्हें दावेदारी का मौका नहीं दिया जाता तो वे धरना करेंगे। उन्होंने नीतीश पर तंज कसते हुए कहा कि अपने विधायकों की अंतरआत्मा की आवाज भी सुन लीजिए। तेजस्वी ने कहा, ‘अगर नीतीश कुमार जी को अपने नैतिक मूल्यों और अपनी ईमानदारी पर गर्व है, तो वह सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए आधी रात में नहीं जाते। ईमानदार व्यक्ति को भय नहीं होता।’

तेजस्वी ने कहा कि वह इस मामले में कानूनी सलाह लेंगे और नकारात्मक राजनीति नहीं करेंगे। बता दें कि नीतीश का मुख्यमंत्री के तौर पर यह छठा कार्यकाल होगा। सुबह 10 बजे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री और सुशील मोदी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

 

LIVE TV