आगरा : बल्ब बदलने के विवाद में बड़े भाई और भतीजे को मार दी गोली

आगरा में थाना जगदीशपुरा के नगला अजीता में आनंद पाराशर और उनके बेटे विकास को गोली मार दी गई। मंगलवार रात को हुई इस घटना का आरोप आनंद के छोटे भाई चंद्र कुमार पाराशर पर है। विवाद घर में लगे फ्यूज बल्ब को बदलने को लेकर हुआ था। जिसके बाद मारपीट हुई और छोटे भाई ने लाइसेंसी बंदूक से दो फायर कर दिए। जिसमें बड़ा भाई और उनका पुत्र घायल हो गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीशपुरा प्रवीन्द्र कुमार के मुताबिक आनंद पाराशर और चंद्र प्रकाश एक ही मकान में रहते थे। फर्स्ट फ्लोर पर आनंद जबकि ग्राउंड फ्लोर पर चंद्र कुमार पाराशर रहते थे। मंगलवार की रात तकरीबन 9 बजे दोनों ही भाईयों के बीच बल्ब बदलने को लेकर विवाद हुआ। जिसके बाद मारपीट शुरु हो गई। आनंद का कहना था कि वह हर बार खराब बल्ब बदलते हैं। जिसके बाद उन्होंने अपने भाई से इस बार बल्ब बदलने को कहा।

आरोप है कि छोटा भाई लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया। उसने दो फायर कर दिए। जिसमें छर्रे आनंद और उनके बेटे को लग गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई जिसके बाद चंद्र कुमार को हिरासत में लिया गया। वहीं घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया है।

LIVE TV