एवरेस्ट पर महिला आईपीएस ने पहली बार फहराया तिरंगा

आईपीएस अपर्णा कुमारलखनऊ। उत्तर प्रदेश की आईपीएस अपर्णा कुमार ने एवरेस्ट पर फतह हासिल कर ली है। वह एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचने वाली पहली महिला आईपीएस अधिकारी बन गई हैं। भारतीय समयानुसार शनिवार को दिन में 11 बजकर दो मिनट पर आईपीएस अपर्णा कुमार एवरेस्ट पर पहुंचीं। उन्होंने तिरंगा लहराया। फिर यूपी पुलिस का झण्‍डा भी फहराया। अपर्णा के एवरेस्ट फतह करने पर आईपीएस एसोसिएशन ने उन्हें ट्विटर पर बधाई भी दी है।

इलाहबाद के डीएम संजय कुमार की पत्नी अपर्णा कुमार इससे पहले अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा लहराने में सफलता हासिल कर चुकी हैं। ऐसा करने वाली वह देश की पहली प्रशासनिक अधिकारी हैं। उन्होंने 17 जनवरी को अंटार्कटिका की माउंट विसंन मैसिफ चोटी को फतह किया। अपर्णा लखनऊ में डीआईजी (टेलिकम्यूनिकेशन) पद पर नियुक्त हैं।

अपर्णा ने अंटार्कटिका की चोटी का सफर पांच जनवरी को अपनी दस सदस्यीय टीम के साथ शुरू किया था। इस टीम में दुनियाभर के बेस्ट पर्वतारोही शामिल थे। अपर्णा 2002 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं।

 

इस चोटी को फतह करने के दौरान उन्हें काफी मुश्किल हालातों का सामना करना पड़ा। करीब सौ किमी की स्पीड से चलती हवा और मुश्किल हालातों के बीच अपर्णा का वजन भी करीब छह किलो कम हो गया है। इस मुश्किल मिशन को अंजाम देने वाली अपर्णा एक महीने बाद स्वदेश लौटी थीं। इसके बाद ही उन्होंने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर फतह हासिल करने का मन बना लिया था।

अाईपीएस अपर्णा कुमार रूस के अल्ब्रस पर्वत पर तिरंगा लहरा चुकी हैं। इस चोटी को फतह करने वाली भी वह पहली भारतीय प्रशासनिक अधिकारी थीं। अपर्णा कुमार दुनिया के सात में से चार महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर अब तक भारत का झंडा फहरा चुकी हैं।

आईपीएस अपर्णा कुमार का लक्ष्‍य

अाईपीएस अपर्णा अफ्रीका के तंजानिया में स्थित किलिमंजारो, इंडोनेशिया की सबसे ऊंची चोटी कार्सेन्ट, दक्षिणी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट एकॉन्कागुआ को भी फतह कर चुकी हैं। उनका लक्ष्य सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर भारतीय तिरंगा फहराने का है।

LIVE TV