आंगन में तौलिया फैलाते समय तार में चिपका पति को देखकर बचाने दौड़ी पत्नी को भी लगा करंट, दोनों की मौत

रामकोट थाना क्षेत्र के कचनार पुलिस चौकी के धवरसारा गांव में करंट लगने से पति पत्नी की मौत हो गई। धवरसारा गांव निवासी अरुण पांडे पुत्र रघुवर दयाल शुक्रवार की रात 8.30 बजे घर के आंगन में तार पर तौलिया फैला रहा था। बताया जाता है कि बिजली का केबिल कटा था जो तार के ऊपर से निकला था। जिससे आंगन के तार में करंट आ रहा था। जिसके कारण तौलिया फैलाते समय अरुण को करंट लग गया। पति को देखकर पत्नी सुषमा पांडे बचाने दौड़ी तो वह भी पति को छूते ही चिपक गई। घर में अरुण का सात वर्षीय पुत्र अंश चारपाई पर बैठा था।

बताया जाता है अरुण पत्नी व बच्चे समेत अलग ही रहता था। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे मकान में रहते थे। जिससे घटना का किसी को पता नहीं चला। उधर, गैस पर खिचड़ी बन रही थी, रात 9:00 बजे गैस पर चढ़ी खिचड़ी जलने की गंध पड़ोस के घरों तक पहुंची और बच्चा भी रो रहा था। इस पर पड़ोसियों ने झांक कर देखा तो पति पत्नी आंगन में मरणासन्न हालत में पड़े हुए थे। ग्रामीणों के शोर मचाने पर लोग व परिवारजन एकत्र हुए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अरुण व सुषमा को मृत घोषित कर दिया।

खेती करता था अरुण

अरुण पांडे व संजय दो भाई थे। दोनों गांव में अलग-अलग मकान में रहते थे। अरुण पेशे से किसान है। परिवार में थोड़ी ही जमीन है। उसी में खेती किसानी कर परिवार का खर्च चलाता था। कचनार पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया करंट से पति-पत्नी की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

घटना की जांच की जा रही है: जेई

भवानीपुर बिजली उपकेंद्र के जेई अमित यादव ने बताया करंट से पति-पत्नी की मौत का मामला संज्ञान में आया है। घटना की जांच की जा रही है, अधिकारियों को अवगत कराया गया है।

LIVE TV