अवैध शस्त्र बनाने वाले दो आरोपियों को अमरोहा जिले की गजरौला पुलिस ने किया गिरफ्तार

बढ़ते अपराधों के बीच गजरौला पुलिस ने अवैध शस्त्र बनाने की एक फैक्टरी का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को बने अधबने तमंचे व कारतूस सहित पकड़ने का दावा किया है। पकड़े गए दोनों आरोपित अमरोहा जनपद के ही अलग अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

बकौल एएसपी अजय प्रताप सिंह पुलिस अधीक्षक डॉ विपिन टाडा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ धरपकड़ का अभियान चल रहा है। इसी के तहत गजरौला के प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने अपनी टीम के साथ चार सितंबर की मध्यरात्रि ग्राम भीकनपुर शुमाली में छापा मारकर यह अवैध शस्त्र बनाने वाली फैक्टरी पकड़ ली। मौके से गजरौला थाने के ही गांव मोहरका पट्टी निवासी श्योराज पुत्र गंगा सरन व सैदनगली थाने के गांव बेगमपुर निवासी नेपाल सिंह पुत्र ऊदल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यहां से 12 बोर की पोनिया बंदूक समेत 9 तैयार तमंचे, कुछ अधबने शस्त्र व उपकरण बरामद हुए। इनमें नेपाल सिंह पहले भी अवैध शस्त्र बनाने के मामले में जेल जा चुका है। दूसरे श्योराज के खिलाफ भी पहले से अवैध शराब समेत विभिन्न अपराधों के डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं। एएसपी ने बताया कि दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भिजवाने की तैयारी की जा रही है। वही इनसे मिली जानकारी के आधार पर लिप्त अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है। वहीं उन्होंने गिरफ्तार करने वाली टीम की पीठ भी थपथपाई। इस दौरान सीओ सतेंदर सिंह प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा इत्यादि मौजूद रहे। 

LIVE TV