अर्जुन तेंदुलकर के अंडर 16 टीम में सलेक्शन पर उठे सवाल

अर्जुन तेंदुलकरवडोदरा। क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का चयन आज अंडर- 16 में खेलने वाली पश्चिम क्षेत्र की टीम में कर लिया गया। ये टीम 24 मई से होने वाली अंतर क्षेत्रीय टूर्नामेंट का हिस्‍सा है। जहां सचिन तेंदुलकर के लिए ये बेहद खुशी की खबर होगी लेकिन अर्जुन के इसी चयन ने एक नई चर्चा की भी शुरूआत कर दी है।

अर्जुन तेंदुलकर के सलेक्‍शन पर सवाल

छह जून तक खेले जाने वाले इस टूर्नामेंट में अर्जुन का चयन चर्चा का विषय इ‍सलिए बना है क्‍योंकि एक पारी में 1000 रन बनाने वाले प्रणव धनावड़े का इस टीम में चयन नहीं किया गया है। प्रणव धनावड़े जैसी उभरती प्रतिभा के न चुने जाने से सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है।

सोशल मीडिया पर लोग धनावड़े को आज का एकलव्य बता रहे हैं। प्रणव के पिता एक ऑटो रिक्शा ड्राइवर हैं। जिस चयन समिति ने अंडर-16 टीम का चयन किया है उसमें समीर दीघे भी थे। दीघे सचिन तेंदुलकर के करीबी और शुभचिंतक के रूप में जाने जाते हैं।

स्‍कूली क्रिकेट में 1,009 रन की नाबाद पारी खेलकर देश ही नहीं अंतरराष्‍ट्रीय स्तर पर धनावड़े खबरों में छा गए थे। इस पारी के बाद धनावड़े को खुद सचिन तेंदुलकर ने अपने ऑटोग्राफ वाला बल्ला गिफ्ट किया था। महेंद्र सिंह धोनी और हरभजन सिंह जैसे स्टार क्रिकेटरों ने भी उन्हें बधाई दी थी।

पश्चिम क्षेत्र की अंडर-16 टीम

ओ.एम. भोसले (कप्तान), वासुदेव पाटिल, सुवेद पारकर, समित पटेल, संप्रीत बग्गा, यशस्वी जायसवाल, दिव्यांश सक्सेना, नील जाधव, अर्जुन तेंदुलकर, योगेश डोंगरे, अथर्व अंकोलेकर, सूरज सुरयाल, सिद्धार्थ देसाई, आकाश पांडे, मुकुंद सरदार। स्टैंड बाय : किरण मोरे, सत्यलक्ष्य जैन, निहार भुयान, विग्नेश सोलंकी, वैभव पाटिल।

LIVE TV