पीएम आवास पर आप का प्रदर्शन, पुलिस के साथ झड़प

नई दिल्ली। अगस्टा वेस्टलैंड घूसकांड के खिलाफ आम आदमी पार्टी पीएम आवास के पास जोर-शोर से प्रदर्शन कर रही है। आम आदमी के इस प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प होने की खबर मिल रही है।

अगस्टा वेस्टलैंड मामले पर आप का प्रदर्शन

अगस्टा वेस्टलैंड

जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारी पीएम के सरकारी आवास 7 रेस कोर्स का घेराव करने पहुंचे हैं। यहां पुलिस ने पहले उन्हें रोकने की कोशिश की। आप कार्यकर्ता नहीं माने, जिसके बाद झड़प शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि पीएमओ पर प्रदर्शन के बाद उनका निशाना कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी का निवास स्थान होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किये हुए हैं।

जंतर मंतर पर हो रहे अगस्टा वेस्टलैंड मामले पर प्रदर्शन में सीएम अरविंद केजरीवाल भी शामिल हैं। आप का यह प्रदर्शन अगस्टा मामले में कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ है।

धरना स्थल के पास मंच पर पीएम मोदी से सवाल करते हुए एक बैनर लगा है। मोदी जी हेलीकॉप्टर घोटाले में सोनिया जी को क्यों बचा रहे हैं?

भाजपा, कांग्रेस धरना पार्टियां : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को भाजपा और कांग्रेस को धरना पार्टियां करार दिया था। उन्होंने कहा था, “केवल आम आदमी पार्टी (आप) ही काम कर रही है।”

केजरीवाल ने कांग्रेस और भाजपा नेताओं द्वारा अगस्ता वेस्टलैंड सौदा घोटाले को लेकर एक-दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन तथा आरोप-प्रत्यारोप का जिक्र करते हुए ट्वीट किया था, ‘‘भाजपा और कांग्रेस दोनों धरना पार्टियां हैं। वे करीब रोजाना धरना देती हैं। केवल आप ही काम करती है।’’

केजरीवाल का यह बयान अगस्टा वेस्टलैंड मामले में भाजपा के आरोपों का सामना कर रहे कांग्रेस नेतृत्व के समर्थन में पार्टी के कई नेताओं के शुक्रवार को जंतर-मंतर पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ मार्च में शामिल होने के बाद आया था।

इस मार्च में सोनिया गांधी, राहुल गांधी तथा देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित पार्टी के कई नेताओं ने हिस्सा लिया था। उन्होंने गिरफ्तारियां भी दी थीं।

हालांकि कुछ समय बाद ही उन्हें रिहा कर दिया गया था। वहीं, भाजपा ने भी अगस्टा वेस्टलैंड घोटाले को लेकर संसद में गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया था।

LIVE TV